BJP For UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच सत्ता में वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी ने एक नई और आक्रामक चुनावी रणनीति तैयार की है। राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बीजेपी इस बार सरकार और संगठन के बड़े चेहरों को सीधे चुनावी मैदान में उतारने की योजना बना रही।
विधान परिषद के 6 दिग्गज लड़ सकते हैं विधानसभा चुनाव
खबरों के अनुसार, बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व अपने कई वरिष्ठ मंत्रियों और मौजूदा विधान परिषद सदस्यों को सीधे जनता के बीच चुनाव लड़ने के लिए भेज सकता है। इस संभावित सूची में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, एके शर्मा, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, महेंद्र सिंह और दारा सिंह चौहान जैसे छह कद्दावर नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे। पार्टी लंबे समय से उच्च सदन (विधान परिषद) का हिस्सा रहे इन नेताओं को अब विधानसभा के रण में आजमाना चाहती है।
किस दिग्गज को मिल सकती है कौन-सी सीट?
केशव प्रसाद मौर्य : डिप्टी सीएम को प्रयागराज की उत्तरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा जा सकता है।
एके शर्मा : इनके मऊ जिले की मधुबन सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा जोरों पर है।
स्वतंत्र देव सिंह : पार्टी इन्हें मिर्जापुर की मड़िहान या चुनार सीट से टिकट देने पर विचार कर रही।
भूपेंद्र सिंह चौधरी : इन्हें पश्चिमी यूपी की किसी जाट बहुल सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
महेंद्र सिंह : इनके लखनऊ या प्रतापगढ़ की किसी सीट से चुनाव लड़ने की संभावना है।
दारा सिंह चौहान : इनका नाम भी संभावित उम्मीदवारों की रेस में प्रमुखता से शामिल है।
सपा-कांग्रेस को घेरने की तैयारी
बीजेपी की इस रणनीति के पीछे विपक्ष और खासकर समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस को हाईप्रोफाइल सीटों पर घेरने की योजना मानी जा रही। पार्टी का मानना है कि बड़े और प्रभावशाली चेहरों के चुनाव लड़ने से न केवल उन चुनिंदा सीटों पर जीत की संभावना बढ़ेगी, बल्कि आसपास की अन्य विधानसभा सीटों पर भी पार्टी के पक्ष में मजबूत माहौल तैयार होगा।
30 से 40 फीसदी मौजूदा विधायकों के कट सकते हैं टिकट
एक तरफ जहां दिग्गजों को उतारने की तैयारी है, वहीं दूसरी तरफ पार्टी के मौजूदा विधायकों की धड़कनें बढ़ गई हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार 30 से 40 प्रतिशत तक मौजूदा विधायकों का टिकट कट सकता है। टिकट वितरण में जातिगत समीकरण, क्षेत्रीय पकड़ और संगठन के आंतरिक फीडबैक को सबसे अहम आधार बनाया जाएगा। उम्मीदवारों के अंतिम चयन में केंद्रीय नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भूमिका निर्णायक रहेगी।
अयोध्या से चुनाव लड़ सकते हैं सीएम योगी, बृजेश पाठक की सीट पर भी चर्चा
हाल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। वैसे, इस पर अंतिम मुहर केंद्रीय नेतृत्व लगाएगा। गौरतलब है कि 2017 में मुख्यमंत्री बनते समय योगी आदित्यनाथ सांसद थे और बाद में एमएलसी चुने गए थे। इसके बाद 2022 का विधानसभा चुनाव उन्होंने गोरखपुर सदर सीट से लड़ा था। आगामी चुनाव के लिए गोरखपुर सदर के साथ अयोध्या सीट का नाम भी चर्चा में है। दूसरी ओर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के भी तीसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें हैं। उन्होंने 2017 में लखनऊ मध्य और 2022 में लखनऊ कैंट सीट से जीत दर्ज की थी। इस बार उनके लखनऊ कैंट या लखनऊ पूर्वी सीट से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चा है।