बिहार के खगड़िया जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। नेपाल से गया जी पिंडदान के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस में मानसी थाना क्षेत्र के पास अचानक आग लग गई। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर अनिल होटल के नजदीक हुई। बस में करीब 50 से 60 तीर्थयात्री सवार थे। हालांकि, आग फैलने से पहले ही सभी यात्रियों को बस से निकाल लिया गया था।

एक पहिए से निकलने लगा धुआं

बताया जा रहा है कि बस खगड़िया के मानसी इलाके से गुजर रही थी, तभी उसके एक पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा। बस के अंदर धुएं की गंध फैलते ही यात्रियों को खतरे का अंदाजा हो गया। इसके बाद लोगों ने बिना देर किए बस से उतरना शुरू कर दिया। यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही समय में वाहन धू-धू कर जलने लगा और देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई।

समय रहते बाहर निकले सभी यात्री

घटना के दौरान यात्रियों ने घबराने के बजाय तेजी से बस खाली की। इसी वजह से आग की चपेट में आने से सभी लोग बच गए। बस में सवार श्रद्धालु नेपाल से गया जी में पिंडदान करने के लिए यात्रा कर रहे थे। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी।

टायर में घर्षण या तकनीकी खराबी की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह बस के टायर में अत्यधिक घर्षण या किसी तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। समय रहते धुआं दिखाई देने और यात्रियों के तुरंत बस से बाहर निकल जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।