छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने झारखंड के कोडरमा समेत धनबाद रेल मंडल के कई इलाकों में विशेष इंतजाम किए हैं। अर्घ्य के समय रेलवे ट्रैक के आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर ट्रेनों की रफ्तार कम रखी जाएगी। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों की तैनाती भी की जाएगी। रेलवे के मुताबिक, रविवार और सोमवार को अर्घ्य के दौरान धनबाद रेल मंडल के 48 चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर आरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे। इन स्थानों के आसपास तालाब और जलाशय हैं, जहां बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। कई जगहों पर लोगों को रेलवे ट्रैक पार करके घाट तक जाना पड़ता है। ऐसे में हादसों की आशंका को देखते हुए रेलवे ने पहले से सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
अर्घ्य के समय 20 से 25 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी ट्रेनें
धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त अनुराग मीणा के अनुसार, गया-कोडरमा-धनबाद रेलखंड के चिह्नित संवेदनशील स्थानों से ट्रेनों को नियंत्रित गति से गुजारा जाएगा। पहले अर्घ्य के दिन रविवार को दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और दूसरे अर्घ्य के दिन सोमवार को सुबह 3 बजे से 11 बजे तक इन स्थानों पर ट्रेनों की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे रखी जाएगी। इसका उद्देश्य रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कोडरमा-गया रेलखंड के इन इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कोडरमा-गया रेलखंड के टनकुप्पा, पहाड़पुर, वंशीनाला, गुरपा और बंधुआ स्टेशन क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके अलावा हजारीबाग रोड से परसाबाद और कोडरमा के बीच भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने धनबाद और डीडीयू रेल मंडल समेत अन्य मंडलों के डीआरएम को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। चिह्नित स्थानों पर आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी व जवान तैनात रहेंगे। पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार भी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
रेलवे ने श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील
रेलवे प्रशासन ने छठ घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे जल्दबाजी में पटरी पार न करें और सुरक्षित रास्तों का इस्तेमाल करें। रेलवे का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों का ध्यान रखा जाए और रेल परिचालन भी सुरक्षित तरीके से जारी रहे।