Anant Singh Latest News : बिहार की सियासत के चर्चित चेहरे और मोकामा से छठी बार के विधायक अनंत सिंह इन दिनों दो वजहों से सुर्खियों में हैं। पहला बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी और दूसरा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 4 दिसंबर को होने वाला उनका सरेंडर। जेल जाने से ठीक पहले एक निजी समाचार चैनल से बातचीत में बाहुबली विधायक ने अपने दिल की हर बात खुलकर सामने रखी है। उन्होंने न केवल अपने अगले सियासी कदम का ऐलान किया, बल्कि अपनी पुरानी पार्टी जदयू और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया।

अब विधायकी नहीं, लड़ेंगे लोकसभा का चुनाव

अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि जेल से बाहर आने के बाद वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और अपनी अगली रणनीति तय करेंगे। उन्होंने यह ऐलान कर दिया कि अब वे विधानसभा का नहीं, बल्कि सांसद का चुनाव लड़ेंगे। सरकारी बंगला खाली करने के नोटिस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी के नाम पर आवंटित फ्लैट खाली करने का आदेश आ गया है। नीतीश कुमार ने उन्हें 22 साल तक यह आवास दिया था, लेकिन अब इतना बड़ा घर तभी मिलेगा जब वे सांसद का चुनाव जीतेंगे।

नीतीश कुमार और JDU पर बोला तीखा हमला

पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इसका अफसोस नहीं है। वे खुश हैं, क्योंकि अब उन पर कोई दबाव नहीं रहेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के लिए हर मुश्किल वक्त में खड़े रहने और कुर्बानी देने के बावजूद उन्हें बाहर निकाला गया, जिससे उनका काफी नुकसान हुआ। अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के सक्रिय रहते जदयू का वजूद था, अब पार्टी पूरी तरह खत्म हो चुकी है। अगले विधानसभा चुनाव में यह 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। आने वाले चुनाव में पार्टी को उनकी असली अहमियत का अंदाजा हो जाएगा।

बेटी की शाही शादी और दोस्तों का सहारा

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही, जिसकी तैयारियां बेहद भव्य तरीके से चल रहीं। करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां, विशाल पंडाल, घुड़दौड़ और लाखों मेहमानों के भोज को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। जब उनसे इस भारी-भरकम खर्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब दिया कि उनकी जेब से ज्यादा पैसा नहीं लग रहा, क्योंकि उनके पास दोस्तों की बड़ी फौज है, जो हर इंतजाम में सहयोग कर रही।

पत्रकारों के डर से छोड़ी घुड़सवारी, कमरे में हुए कैद

अपने अनोखे शौक और घोड़े-बग्गी की सवारी के लिए मशहूर अनंत सिंह ने अब इससे तौबा कर ली है। इस पर हैरान करने वाला खुलासा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने मीडिया के डर से घोड़े के पास जाना ही बंद कर दिया है। उनके मुताबिक जब भी वे अपने घोड़े को सहलाने या उसका शरीर पोंछने जाते थे, पत्रकार उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल देते थे। इसी डर से वे अब अपने कमरे में बंद रहते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी होने लगी है।

विधानसभा नोटिस पर मांगा वक्त, 4 दिसंबर को जाएंगे जेल

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ जाकर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह का प्रचार करने के आरोप में जदयू ने उन्हें पार्टी से निकाला था। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की शिकायत पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के सचिवालय ने 2 नवंबर को अनंत सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों में जवाब मांगा था कि उनकी सदस्यता रद्द क्यों न की जाए। अनंत सिंह ने 25 नवंबर को बेटी की शादी की व्यस्तता का हवाला देते हुए जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की है। पिछले साल विधानसभा चुनाव के दौरान हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में आरोपी बनाए गए अनंत सिंह को 4 दिसंबर तक कोर्ट में सरेंडर करना है। उन्होंने जेल में रहते हुए चुनाव जीता था और मार्च 2026 में पटना हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आए थे, लेकिन 30 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत खारिज कर दी। अनंत सिंह का कहना है कि फिलहाल पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा है, इसलिए सरेंडर की कोई अलग से तैयारी नहीं की गई है और बेटी की विदाई के बाद वे कानून के सामने आत्मसमर्पण कर देंगे।