छठ महापर्व के प्रति आस्था और परिवार के प्रति प्यार की एक भावुक कर देने वाली कहानी बिहार से सामने आई है। पूर्वी चंपारण के रहने वाले एक युवक ने अपनी मां के छठ व्रत में शामिल होने और उनका हाथ बंटाने के लिए दिल्ली से अपने गांव तक 1035 किलोमीटर की पैदल यात्रा की। छोटू नाम के इस युवक ने 11 दिनों तक लगातार सफर किया और आखिरकार अपने घर पहुंच गया। उसकी इस कोशिश ने लोगों का दिल जीत लिया है। दरअसल, बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के गड़हिया बाजार स्थित सिरौली गांव के रहने वाले छोटू दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। वह वहां टाइल्स लगाने का काम करते हैं। उनकी मां मीना देवी हर साल पूरी श्रद्धा के साथ छठ का कठिन व्रत करती हैं। इस बार भी छठ पर्व नजदीक आया तो छोटू की इच्छा थी कि वह समय पर घर पहुंचकर अपनी मां के साथ इस महापर्व में शामिल हो सकें।

ट्रेन में टिकट नहीं मिला तो पैदल चलने का लिया फैसला

छठ के मौके पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। छोटू ने भी घर लौटने के लिए ट्रेन का टिकट लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कहीं कन्फर्म टिकट नहीं मिला। बसों में भी काफी भीड़ थी और निजी वाहनों का किराया उनकी जेब पर भारी पड़ रहा था। ऐसे में छोटू के सामने घर पहुंचने का रास्ता मुश्किल नजर आने लगा। उन्हें इस बात की चिंता थी कि घर पर उनकी मां अकेले छठ का व्रत करेंगी और पूजा के दौरान दउरा उठाने में उनकी मदद करने वाला कोई नहीं होगा। आखिरकार उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। छोटू ने दिल्ली से अपने गांव तक पैदल जाने की ठान ली।

कंधे पर तिरंगा लेकर शुरू की 1035 KM की यात्रा

छोटू ने बिना किसी खास संसाधन या व्यवस्था के 1035 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शुरू कर दी। इस दौरान उनके एक हाथ में तिरंगा झंडा था, जबकि पीठ पर उन्होंने एक बैनर टांग रखा था। दिनभर धूप और धूल के बीच चलते हुए वह अपने गांव की ओर बढ़ते रहे। रात होने पर वह किसी सार्वजनिक स्थान या खुले आसमान के नीचे आराम करते थे। सुबह होते ही फिर से अपनी मंजिल की ओर निकल पड़ते थे। उनके मन में बस एक ही इच्छा थी कि छठ पूजा के दौरान अपनी मां के पास पहुंच सकें और उनके व्रत में सहयोग कर सकें।

11 दिनों में पूरा किया मुश्किल सफर

दिल्ली से बिहार तक की इस लंबी यात्रा में छोटू को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, रास्ते में उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग भी मिला। कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और उनके हौसले की तारीफ की। कुछ वाहन चालकों ने भी उनकी मदद की और करीब 100 किलोमीटर तक लिफ्ट दी। इस तरह छोटू ने 11 दिनों में अपनी 1035 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर ली और पूर्वी चंपारण के सिरौली गांव पहुंच गए।

मां के प्रति प्यार और छठी मइया में आस्था बनी ताकत

घर पहुंचने के बाद छोटू के चेहरे पर अपनों से मिलने की खुशी साफ नजर आई। उनके इस सफर के पीछे सिर्फ छठ पूजा में शामिल होने की इच्छा नहीं थी, बल्कि अपनी मां के प्रति जिम्मेदारी और प्रेम भी था। छठ बिहार का सबसे महत्वपूर्ण लोक आस्था का महापर्व माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी बिहारी देश के अलग-अलग शहरों से अपने घर लौटते हैं। छोटू की कहानी बताती है कि इस पर्व से लोगों का जुड़ाव कितना गहरा है। ट्रेन का टिकट नहीं मिलने पर भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी मां के लिए पैदल ही 1035 किलोमीटर का सफर तय कर लिया।