Bihar MLC Election Anant Singh News : बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर अंतर्कलह खुलकर सामने आ गई है। मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बगावत के बाद पार्टी में हलचल तेज हो गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। ढाई घंटे तक चली बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।
क्या है विवाद?
पूरा विवाद पटना स्नातक सीट से जदयू के आधिकारिक प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को लेकर खड़ा हुआ है। विधायक अनंत सिंह नीरज कुमार की उम्मीदवारी का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। यही नहीं वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में खुलकर मैदान में उतर आए हैं। अनुज सिंह के नामांकन के दौरान अनंत सिंह ने पटना की सड़कों पर बड़ा रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
सुलह के सारे प्रयास विफल
पार्टी नेतृत्व ने इस रार को खत्म करने की कोशिश की थी। पिछले महीने जदयू के प्रदेश कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दोनों के बीच पैचअप कराने की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बात नहीं बन सकी। अनंत सिंह अपने रुख पर कायम रहे। उन्होंने दो-टूक कह दिया कि नीरज चुनाव लड़ेंगे तो वे उनका विरोध जरूर करेंगे। इसके बावजूद जदयू ने 23 सितंबर को नीरज कुमार को पटना स्नातक क्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। वहीं, जन सुराज से अनुज सिंह को टिकट मिलने के बाद अनंत सिंह ने पार्टी लाइन से अलग हटकर अनुज का हाथ थाम लिया।
अनंत सिंह का तर्क : यह किसी पार्टी का चुनाव नहीं
अनंत सिंह का कहना है कि विधान परिषद का स्नातक चुनाव किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिन्ह (सिंबल) पर नहीं लड़ा जाता, इसलिए यह कोई पार्टी आधारित चुनाव नहीं है। उनका दावा है कि नीतीश कुमार के प्रति उनकी निष्ठा में कमी नहीं आई है, लेकिन वे नीरज कुमार को हराने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। अनंत सिंह का कहना है कि इस बार नीरज कुमार की हार तय है।
पार्टी नेताओं ने साधी चुप्पी, कार्रवाई पर सस्पेंस
इस अंदरूनी कलह पर जदयू का कोई भी बड़ा नेता खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहा। नीतीश कुमार के साथ बैठक के बाद बाहर निकले संजय झा और बिजेंद्र यादव ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। मंत्री अशोक चौधरी ने इतना कहा कि सही समय आने पर पार्टी इसका माकूल जवाब देगी। मंत्री मदन सहनी ने भी इस सवाल को टाल दिया। अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा कि क्या जदयू अपने ही बागी विधायक के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कदम उठाएगी? नीरज कुमार पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी हैं, जबकि अनंत सिंह विरोधी दल के उम्मीदवार का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में सबकी नजरें नीतीश कुमार के अगले कदम पर टिकी हैं।
23 अक्टूबर को होनी है वोटिंग, 27 को होगी मतों की गिनती
बिहार में पटना स्नातक समेत विधान परिषद की 8 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। इन सीटों पर 23 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 27 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। एनडीए गठबंधन के तहत जदयू और बीजेपी 4-4 सीटों पर किस्मत आजमा रही हैं। वहीं, विपक्षी खेमे से आरजेडी ने 6 प्रत्याशी उतारे हैं। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े कर मुकाबला बेहद दिलचस्प बना दिया है।