Jensen Huang News : दुनिया की सबसे बड़ी और ताकतवर टेक कंपनियों में गिने जाने वाली एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसेन हुआंग इन दिनों बहुत बड़े और गंभीर विवाद के घेरे में हैं। जेनसेन पर चीनी महिला के साथ प्रेम संबंध रखने और जासूसी के गंभीर आरोप लगे हैं। इस विवाद के सामने आते अमेरिकी शेयर बाजार में एनवीडिया के शेयरों में भारी भूचाल आ गया है। इसका सीधा असर कंपनी के मार्केट कैप और खुद जेनसेन हुआंग की संपत्ति पर पड़ा है। एनवीडिया ने मामले की अपने स्तर पर एक स्वतंत्र जांच भी शुरू कर दी है।

फोर्ब्स की लिस्ट में नीचे फिसले जेनसेन

अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को जैसे कारोबार की शुरुआत हुई, शुरुआती महज 30 मिनट में जेनसेन हुआंग की नेटवर्थ से 7.4 अरब डॉलर (भारतीय करेंसी के हिसाब से 69000 करोड़ रुपए) डूब गए। इस गिरावट के चलते फोर्ब्स की दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में वह दो पायदान नीचे खिसक 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। कारोबार शुरू होने से पहले तक उनकी कुल संपत्ति 162.2 अरब डॉलर थी, जो शेयरों में गोता लगते घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई। बाजार खुलते एनवीडिया के शेयर 7% से भी ज्यादा लुढ़क गए थे। एक वक्त तो उनकी संपत्ति में 10.3 अरब डॉलर तक की गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे वह कुछ पलों के लिए दुनिया के टॉप-10 रईसों की लिस्ट से बाहर हो गए थे। हालांकि] बाद में वह 10वें पायदान पर टिके रहे। मगर, इस वित्तीय झटके के बाद वह बर्कशायर हैथवे के दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट और ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन से पीछे हो गए हैं। इस उथल-पुथल के कारण कंपनी का मार्केट कैप शुक्रवार के 4.5 ट्रिलियन डॉलर से घटकर 4.24 ट्रिलियन डॉलर पर सिमट गया। इससे एनवीडिया दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की रेस में ऐप से और ज्यादा पिछड़ गई है।

क्या है पूरा मामला? चीनी जासूस एलिस हुआंग से जुड़े आरोप

एनवीडिया के शेयरों में आई इस जबरदस्त गिरावट की मुख्य वजह कंपनी के मुखिया जेनसेन हुआंग से जुड़ा वह विवाद है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही। कंपनी ने एक कॉर्पोरेट अधिकारी के साथ उनके अफेयर की जांच शुरू की है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इस बात का तगड़ा शक है कि एलिस हुआंग नाम की चीनी नागरिक सीधे तौर पर बीजिंग (चीन) की सरकार के लिए खुफिया जानकारियां जुटाने का काम कर रही थी और जेनसेन हुआंग के उस महिला के साथ करीबी रिश्ते थे। प्रतिष्ठित समाचार पत्र द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने मामले की गोपनीय जानकारी एक साल पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सौंप दी थी। वैसे, उस समय इस पर ठोस प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी, लेकिन अब जैसे ही यह रिपोर्ट सार्वजनिक हुई, पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया।

जेनसेन ने पत्नी से बेवफाई स्वीकार की, जासूसी के आरोपों को नकारा

बढ़ते दबाव के बीच जेनसेन हुआंग ने कंपनी के तमाम कर्मियों को आंतरिक संदेश भेजा है। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी लोरि मिल्स के प्रति बेवफाई की बात स्वीकार की है। इसके लिए माफी भी मांगी है। उन्होंने माना कि उनके इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार से पत्नी और बच्चों को मानसिक कष्ट पहुंचा है। उन्होंने कंपनी द्वारा शुरू की गई स्वतंत्र जांच का पूरा समर्थन करने व उसमें सहयोग की बात कही है। वैसे, अपने संदेश में उन्होंने सीधे तौर पर एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया, जिनके साथ उनके अफेयर के चर्चे जोरों पर हैं। जेनसेन ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करने या जासूसी में लिप्त होने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

एनवीडिया बोर्ड ने बिठाई स्वतंत्र समिति

एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टरों ने स्वतंत्र निदेशकों की विशेष समिति का गठन कर दिया है। इस जांच प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने के लिए बाहरी वकीलों और कानूनी विशेषज्ञों को भी इसमें शामिल किया गया है। कंपनी के बोर्ड का साफ कहना है कि इस प्रकरण से जुड़ी हर एक जानकारी की गहराई से छानबीन की जाएगी। वैसे, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उनके पास ऐसा मानने के लिए ठोस वजह नहीं है कि इस घटनाक्रम से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या एनवीडिया की किसी भी गोपनीय तकनीकी जानकारी से कोई समझौता हुआ है।

कौन है एलिस हुआंग और क्या है 'मेगास्पीड'?

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एलिस हुआंग मूल रूप से चीन की नागरिक है। वह सिंगापुर की मेगास्पीड नामक कंपनी से जुड़ी रही। एलिस ने खुद को इस कंपनी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बताया था। यह कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एनवीडिया की एडवांस चिप टेक्नोलॉजी तथा कंप्यूटिंग सेवाओं से जुड़ा कारोबार संभालती है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन की शीर्ष खुफिया एजेंसी ने एनवीडिया के मुख्य अधिकारी से जरूरी तकनीकी जानकारियां निकलवाने के लिए एलिस हुआंग को प्लांट किया था। जून 2024 में दोनों की एक साथ पार्टी या इवेंट में खींची तस्वीर सामने आई थी। वैसे, दोनों की पहली मुलाकात कब और कैसे हुई तथा इनके आपसी संबंधों की असली सच्चाई क्या थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। अमेरिकी जांच एजेंसियों की रडार पर एनवीडिया की हाई-टेक चिप्स तक चीन की पहुंच को लेकर पहले भी मेगास्पीड कंपनी का नाम आ चुका है।

ट्रंप ने किया जेनसेन का बचाव

इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग का बचाव किया है। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने जेनसेन को बेहद सम्मानित इंसान बताया। यह घोषणा भी की कि वह उन्हें अपनी आगामी चीन यात्रा पर साथ ले जाना चाहते हैं। गौरतलब है कि जेनसेन हुआंग राष्ट्रपति ट्रंप के चुनिंदा टेक सलाहकारों एवं करीबी सहयोगियों में से एक माने जाते हैं। ट्रंप ने जानकारी दी कि इस प्रकरण पर फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने अपनी जांच शुरू कर दी है, लेकिन उन्हें व्यक्तिगत रूप से ऐसा लगता है कि जेनसेन को मामले में घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

एनवीडिया के निवेशकों की नजर अब आगामी तिमाही नतीजों पर

एनवीडिया के लिए आने वाला सप्ताह बेहद महत्वपूर्ण और निर्णायक साबित होने वाला है। कंपनी अगले मंगलवार को शेयर बाजार बंद होने के बाद अपनी नई तिमाही के वित्तीय नतीजे पेश करेगी। इससे ठीक पहले वाली तिमाही में कंपनी के डेटा सेंटर बिजनेस ने ताबड़तोड़ कमाई कर 89 अरब डॉलर का रेवेन्यू हासिल किया था, जो पिछले साल की इस अवधि के मुकाबले पूरे 117% ज्यादा था। उस दौरान कंपनी के कुल कारोबार में अकेले डेटा सेंटर सेक्टर की हिस्सेदारी 92% रही थी। ऐसे में पूरी दुनिया के निवेशकों और शेयर बाजार के जानकारों की निगाहें दो बड़ी चीजों पर टिकी है। पहला जेनसेन हुआंग से जुड़े इस विवाद की जांच में आगे क्या निकलता है और दूसरा कंपनी के आने वाले तिमाही नतीजे बाजार की उम्मीदों पर कितने खरे उतरते हैं।