दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की कई प्रमुख डिजिटल सेवाओं में गुरुवार को बड़ा तकनीकी व्यवधान देखने को मिला। Microsoft 365, Outlook और Teams समेत कंपनी के कई ऐप्स पांच घंटे से अधिक समय तक हजारों यूजर्स के लिए प्रभावित रहे। इस दौरान लोगों को ईमेल अकाउंट खोलने, इनबॉक्स लोड करने और संदेश भेजने या प्राप्त करने में परेशानी हुई। इस आउटेज का असर OpenAI और Anthropic की कुछ AI सेवाओं पर भी पड़ा।
Outlook को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें
आउटेज की शिकायतें दर्ज करने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय समयानुसार शुक्रवार देर रात Outlook से जुड़ी शिकायतें बढ़कर करीब 1.38 लाख तक पहुंच गई थीं। बाद में इनकी संख्या घटकर लगभग 34,490 रह गई। हालांकि, शिकायतों में कमी आने के बावजूद कई यूजर्स को सेवाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। Outlook के अलावा Microsoft Teams, Copilot और Microsoft 365 की दूसरी सेवाओं में भी समस्याएं सामने आईं। कुछ यूजर्स ने Word, Excel और अन्य ऐप्स तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की।
सर्वर में खराबी बनी आउटेज की वजह
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे। कंपनी ने बताया कि सर्वर ऑटोमेटेड हेल्थ चेक के दौरान फेल हो रहे थे और इससे काम कर रहे अन्य सर्वरों पर लोड बढ़ गया। शुरुआती जानकारी में कंपनी ने साफ किया कि समस्या ट्रैफिक में अचानक बढ़ोतरी के बजाय सर्वर की उपलब्धता और बढ़े हुए लोड से जुड़ी थी। कंपनी ने प्रभावित सर्वरों को दोबारा ऑनलाइन लाने के लिए काम शुरू किया। साथ ही, जहां संभव था वहां ट्रैफिक को दूसरे नेटवर्क मार्गों पर भेजा गया, ताकि सेवाओं पर दबाव कम किया जा सके। माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि बहाल किए गए सर्वर फिलहाल स्थिर हैं और बाकी प्रभावित हिस्सों को भी धीरे-धीरे ठीक किया जा रहा है।
OpenAI और Anthropic की सेवाएं भी प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी समस्या का असर दूसरी AI कंपनियों पर भी देखने को मिला। OpenAI ने बताया कि वह Microsoft कनेक्टर्स से जुड़ी परेशानी की जांच कर रहा है। इसके चलते नए कनेक्शन स्थापित करने में दिक्कत आ सकती थी और कुछ टूल अपेक्षा के मुताबिक काम नहीं कर रहे थे। वहीं, Anthropic ने भी अपने Microsoft 365 कनेक्टर में समस्या की पुष्टि की। कंपनी के अनुसार, उसके एक अपस्ट्रीम प्रोवाइडर से जुड़ी तकनीकी दिक्कत के कारण यह सेवा प्रभावित हुई।
धीरे-धीरे सामान्य हो रही थीं सेवाएं
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि सर्वर की क्षमता बहाल होने के साथ यूजर्स को धीरे-धीरे सामान्य सेवाओं का अनुभव होगा। कंपनी के मुताबिक, प्रभावित क्लाइंट दोबारा कनेक्ट होने के कारण रिकवरी में कुछ समय लग सकता है। फिलहाल कंपनी बाकी समस्याओं को दूर करने और सेवाओं को पूरी तरह स्थिर करने में जुटी है।