OpenAI ChatGPT Wallet Launch : आप भी ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान बेस्ट डिस्काउंट और बैंक ऑफरों के चक्कर में कई वेबसाइट पर भटकते रहते हैं? आपका जवाब हां है तो आपकी यह परेशानी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हमेशा के लिए दूर करने वाला है। AI की दुनिया की दिग्गज कंपनी OpenAI ने बेहद कमाल और नया फीचर ChatGPT Wallet लॉन्च कर दिया है। इस फीचर के आने के बाद ChatGPT सिर्फ आपके सवालों के जवाब देने या किसी विषय पर आर्टिकल लिखने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आपकी पसंद और तय बजट के हिसाब से खुद आपके लिए ऑनलाइन खरीदारी भी करेगा। टेक जगत में OpenAI के इस कदम को ई-कॉमर्स और AI के मेल का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी कदम माना जा रहा।
ChatGPT Wallet सर्विस की शुरुआत
OpenAI ने ChatGPT Wallet नाम से अपनी नई पेमेंट सर्विस की शुरुआत कर दी है। इस शानदार सर्विस की मदद से अब AI एजेंट यूजरों की तरफ से सीधे ऑनलाइन शॉपिंग करने में सक्षम होंगे। सबसे खास बात है कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान AI को आपके क्रेडिट कार्ड की असल जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सुरक्षित पेमेंट सिस्टम को शुरू करने के लिए OpenAI ने दुनिया के बड़े वित्तीय संस्थानों जैसे-American Express, Mastercard और Visa से पार्टनरशिप की है।
कहां और किसे मिल रहा है फायदा?
फिलहाल यह सुविधा पूरी दुनिया में शुरू नहीं की गई है। अभी इसे अमेरिका में ही शुरू किया गया है। वहां भी यह सुविधा 18 साल से अधिक उम्र के केवल ChatGPT Pro यूजरों के लिए है। इसके इस्तेमाल के लिए यूजर के पास अमेरिका में जारी किया गया एक योग्य पेमेंट कार्ड होना अनिवार्य है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि शुरुआती दौर में कोई भी AI एजेंट अपनी मर्जी से किसी भी प्रकार का पेमेंट नहीं कर पाएगा। आप जो भी खरीदारी करेंगे, उसमें हर पेमेंट से पहले यूजर की साफ परमिशन और कड़े सेफ्टी चेक की प्रक्रिया से गुजरना जरूरी होगा।
ChatGPT Wallet काम कैसे करेगा?
ChatGPT Wallet का इस्तेमाल OpenAI के Dots AI एजेंट के माध्यम से किया जा सकेगा। ये खास AI एजेंट सिर्फ बातचीत करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आपके एक इशारे पर कई बड़े काम खुद-ब-खुद पूरा कर सकते हैं। उदाहरण के लिए कोई यूजर अपने तय बजट के भीतर कोई सामान खरीदने की सोच रहा तो AI एजेंट अलग-अलग ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर जाकर उनकी कीमतों, स्पेसिफिकेशन और फीचरों की आपस में तुलना करेगा। इसके बाद वह आपके लिए पर्फेक्ट ऑर्डर तैयार कर देगा। खास बात है कि चैटजीपीटी किसी भी सामान का पेमेंट करने से पहले यूजर को उस प्रोडक्ट की पूरी जानकारी, वेबसाइट का नाम, कुल कीमत और पेमेंट का तरीका स्क्रीन पर दिखाएगा। जब यूजर अपनी तरफ से मंजूरी देगा, तभी ट्रांजैक्शन पूरा किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए फेस रिकग्निशन या फिंगरप्रिंट जैसी बायोमेट्रिक जांच भी की जाएगी।
कार्ड की असली जानकारी AI तक क्यों नहीं पहुंचेगी?
OpenAI की इस नई सर्विस में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। इसके लिए टोकनाइजेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा। इसे बेहद आसान भाषा में समझें तो इसमें आपके क्रेडिट कार्ड के असली नंबर की जगह एक सुरक्षित डिजिटल टोकन जनरेट किया जाता है। सिर्फ इसी टोकन की मदद से पेमेंट की प्रक्रिया पूरी होती है। इस तकनीक के चलते AI एजेंट के पास आपके कार्ड का असली नंबर, पासवर्ड या CVV जैसी कोई निजी डिटेल्स नहीं पहुंच पाती हैं। कंपनी के अनुसार पेमेंट की असली और संवेदनशील जानकारी हमेशा सुरक्षित तरीके से ऑथराइज्ड सर्विस प्रोवाइडर के पास ही रहती है। कंपनी के सिस्टम को केवल टोकन और कार्ड से जुड़ी बेहद सीमित जानकारी ही मिलती है। इसके बावजूद कंपनी ने यूजरों को चेतावनी दी है कि वे कभी भी ChatGPT की सामान्य चैट में अपना कार्ड नंबर, CVV या बैंकिंग OTP जैसी जानकारियां भूलकर भी शेयर नहीं करें।
गलत खरीदारी या फ्रॉड होने पर किसकी होगी जिम्मेदारी?
इस सेवा के इस्तेमाल के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी होती है तो उसकी जवाबदेही को लेकर भी कंपनी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। OpenAI ने कहा है कि किसी भी प्रोडक्ट की असली सेल, उसकी सही डिलीवरी और समय पर रिटर्न या रिप्लेसमेंट की पूरी जिम्मेदारी संबंधित मर्चेंट (दुकानदार या प्लेटफॉर्म) की होगी। चूंकि AI एजेंट है, इसलिए कभी-कभार सामान की संख्या, उसकी कीमत या डिलीवरी के पते जैसी जानकारियों में मानवीय या तकनीकी भूल हो सकती है। यही वजह है कि कंपनी सलाह देती है कि पेमेंट करने से पहले अपने ऑर्डर की सभी डिटेल्स को खुद अच्छी तरह से जरूर जांच लें।
भारत में लॉन्च को लेकर क्या है अपडेट?
फिलहाल यह शानदार सुविधा भारत में शुरू नहीं की गई है। OpenAI की तरफ से भारत में इसके लॉन्च होने की तारीख या लोकप्रिय भारतीय पेमेंट सिस्टम UPI के साथ इसके जुड़ने को लेकर अब तक कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इसलिए भारतीय यूजर्स को इस शानदार सर्विस का आनंद लेने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा।