Modi Cabinet On Womens Reservation Bill : केंद्र सरकार ने लोकसभा सीटों के परिसीमन और महिलाओं के आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज सेवा तीर्थ में हुई एक घंटे की कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों को बुलाया गया था, जहां इस प्रस्ताव पर मुहर लगी। इस फैसले के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान अनुपात में 50% की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घटने की आशंका भी दूर होने का दावा किया जा रहा है। सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा सत्र बुलाया है और इस बैठक से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि सत्र में महत्वपूर्ण विधेयक लाया जाएगा, जिस पर विपक्ष को बहस में हिस्सा लेना चाहिए।

सीटों की संख्या और आरक्षण का गणित

इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के साथ ही परिसीमन की प्रक्रिया को जनगणना से अलग करने और महिला आरक्षण कानून को नए सिरे से लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। बताया जा रहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की 33% भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी और बढ़ी हुई कई या सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं । सीटों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। एक आकलन के मुताबिक वर्तमान 543 सीटों में 50% इजाफे के बाद संख्या 815 (272 सीटों की वृद्धि) हो सकती है। जबकि दूसरे अनुमान के अनुसार परिसीमन के बाद कुल सीटें 850 तक पहुंच सकती हैं। राज्यवार संभावित बढ़ोतरी की बात करें तो उत्तर प्रदेश में 80 से 120, बिहार में 40 से 60, महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और तमिलनाडु में 39 से करीब 59 सीटें हो सकती हैं। यह नई व्यवस्था 2051 तक यानी अगले 25 वर्षों तक लागू रहेगी।

संसद में गणित और सियासी समीकरण

विधेयक को संसद से पारित कराने के लिए दो संभावित समीकरणों की चर्चा है। पहली स्थिति में सभी 540 सांसद मतदान करते हैं तो सरकार को डीएमके, एनसीपी (शरद पवार गुट) और वाईएसआरसीपी के समर्थन के साथ क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ सकती है। दूसरी स्थिति में उत्तर प्रदेश के चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी वोटिंग से दूरी बना सकती है, क्योंकि विरोध करने पर भाजपा इसे चुनावी मुद्दा बना सकती है और सपा की गैरमौजूदगी से सरकार के लिए रास्ता आसान हो सकता है। उधर, कांग्रेस ने विधेयक पारित कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटाने का आरोप लगाते हुए अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी और शनिवार को इंडिया ब्लॉक के नेता बैठक करेंगे।

विपक्ष के तीखे बयान और प्रतिक्रियाएं

इस प्रस्ताव को लेकर सियासी गलियारों में तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि सरकार विधेयक पास कराने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग कर रही है। 150 करोड़ रुपए में वोट खरीदे जा रहे हैं। इसका समर्थन करने वाले 21वीं सदी के सबसे बड़े गद्दार होंगे। एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले ने कहा कि पहले उन्होंने देशहित में विधेयक के समर्थन का संकेत दिया था, लेकिन अब एजेंडा और विधेयक देखे बिना वे कुछ नहीं कह सकतीं। डीएमके को लेकर समर्थन के दावों के बीच एमके स्टालिन ने कहा है कि इस मुद्दे पर उनका रुख अडिग है। राजद सांसद मनोज झा ने सवाल उठाया कि मानसून सत्र कब खत्म हुआ और सर्दियों में भी मानसून चलने जैसी स्थिति को लोकतंत्र का खात्मा करार दिया। इसके जवाब में किरेन रिजिजू ने कहा कि मानसून, शीतकालीन और बजट के अलावा जरूरत पर विशेष सत्र बुलाए जाते हैं, सदस्यों को बोलने की आजादी है, लेकिन सदन की कार्यवाही सुचारू चलाना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।