Brij Bhushan Sharan Singh Sanatan Katha 2.0: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के साथ सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इस बार नेताओं के जनसंपर्क का तरीका थोड़ा बदला नजर आ रहा है। पारंपरिक रैलियों और जनसभाओं के साथ अब बड़े धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से जनता के बीच पैठ बनाने का नया चलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी फिर गोंडा में विशाल धार्मिक आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हुई उनकी ताजा मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

नंदिनी नगर में गूंजेगी सनातन की ओर कथा 2.0

बृजभूषण शरण सिंह जनवरी में अपने गढ़ गोंडा के नंदिनी नगर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहे। इस सात दिवसीय आयोजन को सनातन की ओर कथा 2.0 का नाम दिया गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक नंदिनी नगर में 2 जनवरी से 8 जनवरी तक धार्मिक अनुष्ठान और कथा का वाचन होगा। इसकी तैयारियों के बीच पूर्व सांसद ने प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें इस आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया है।

सीएम आवास पर मुलाकात के मायने

26 नवंबर को बृजभूषण शरण सिंह लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलने पहुंचे थे। इस भेंट के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की माताजी सावित्री देवी के निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि व्यस्तताओं या कारणवश वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे, इसलिए शोक प्रकट करने के लिए खुद मुख्यमंत्री से मिलने आए हैं। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने इसे पूरी तरह से पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट बताया। वैसे, सियासी जानकार इसे आगामी कथा और 2027 के चुनावी समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं।

जनवरी 2026 में भी बटोरी थीं सुर्खियां

नंदिनी नगर में बड़े स्तर पर कथा का आयोजन करना बृजभूषण शरण सिंह के लिए कोई नई बात नहीं है। इससे पहले जनवरी 2026 में भी उन्होंने इसी स्थान पर राष्ट्रकथा का आयोजन करवाया था। उस कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं के अलावा राजनीति की कई दिग्गज हस्तियों ने शिरकत की थी। उस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रदेश के राजनीतिक हलकों में भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब एक साल बाद फिर सनातन की ओर कथा 2.0 के जरिए उसी माहौल को दोहराने की तैयारी है।

चुनाव से पहले धर्म के सहारे जनता तक पहुंच

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से ठीक पहले राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बीजेपी के तमाम मंत्री और वरिष्ठ नेता अपने-अपने क्षेत्रों में रामकथा, श्रीमद्भागवत कथा और शिवमहापुराण जैसे बड़े आयोजन करवा रहे हैं। सियासी गलियारों में माना जा रहा कि इन धार्मिक मंचों के जरिए नेता बिना किसी सीधा चुनावी शोर किए आम जनता से सीधा जुड़ाव और अपनी सियासी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं।