UP IPS Transfer List: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच शासन स्तर पर पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से 4 जिलों के पुलिस कमिश्नर बदल दिए हैं। कुल 28 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदले गए। इस फेरबदल में नोएडा (गौतमबुद्धनगर), गाजियाबाद, प्रयागराज और वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण कमिश्नरेट के प्रमुखों की नई तैनाती की गई है।

चार बड़े शहरों में नए पुलिस कमिश्नर तैनात

शासन द्वारा जारी तबादला सूची के मुताबिक, अब तक गौतमबुद्धनगर की कमान संभाल रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त रहे जे. रविंदर गौड़ को नोएडा (गौतमबुद्धनगर) का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को संगम नगरी प्रयागराज का पुलिस आयुक्त बनाया गया है। लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रहे किरण एस. को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाकर भेजा गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रहे पीयूष मोर्डिया को अब अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), स्थापना के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है।

जोन और रेंज स्तर पर भी बड़े बदलाव

कमिश्नरेट के साथ-साथ प्रदेश के कई जोन और रेंज के अधिकारियों को भी इधर से उधर किया गया है। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को अब लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी रहे प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी बनाकर भेजा गया है। रेंज स्तर पर हुए तबादलों में अलीगढ़ मंडल के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह को इसी पद पर आगरा रेंज भेजा गया है। आगरा के डीआईजी रहे शैलेश कुमार पांडेय को अब अलीगढ़ रेंज का नया डीआईजी नियुक्त किया गया है। लखनऊ में डीआईजी तकनीकी सेवाएं के पद पर तैनात आशीष तिवारी का तबादला कर उन्हें सहारनपुर परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है।

जिलों के कप्तान और पीएसी वाहिनियों में फेरबदल

जिलों की कमान संभालने वाले अधिकारियों की बात करें तो अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है। मुरादाबाद में तैनात रहे सतपाल अंतिल को अयोध्या का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

अन्य प्रमुख तबादलों की सूची 

सुनीति को एसपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। गौतम बुद्ध नगर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रहीं इलामारन को एसपी, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ भेजा गया है। बरेली स्थित 8वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक आकाश तोमर को एसपी, डॉ. बीआर अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद बनाया गया है। मुरादाबाद की 23वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक अमित कुमार प्रथम को एसपी, ईओडब्ल्यू (EOW) लखनऊ के पद पर तैनाती मिली है। आगरा की 15वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक रहे नरेंद्र कुमार सिंह को एसपी पीटीसी सीतापुर / पीटीएस गोरखपुर के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वाराणसी की 36वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को एसपी, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ भेजा गया है। गोंडा की 30वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक त्रिभुवन सिंह को एसपी, जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ बनाया गया है।

राजेश कुमार श्रीवास्तव को एसपी इंटेलिजेंस मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है। उन्हें सेनानायक 42वीं वाहिनी पीएसी प्रयागराज और एसपी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीसी गोरखपुर की जिम्मेदारी दी गई है। अजीत कुमार सिन्हा को एसपी यूपी पावर कॉरपोरेशन लखनऊ बनाया गया है। नोएडा में तैनात रहीं प्रीति यादव को सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा भेजा गया है।

कमिश्नरेट में नए डीसीपी और एडीसीपी की तैनाती

बड़े शहरों की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कमिश्नरेट में नए डीसीपी और एडीसीपी भी तैनात किए गए हैं। इनमें दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट का नया डीसीपी बनाया गया है। कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी मिली है। पुनीत द्विवेदी को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट का एडीसीपी, नीतू को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का एडीसीपी और अमित कुमावत को आगरा पुलिस कमिश्नरेट का नया एडीसीपी नियुक्त किया गया है।