Mallikarjun Kharge On Imran Masood: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कम बोलने और काम पर ज्यादा ध्यान देने की कड़ी सलाह दी है। खड़गे ने कहा कि वह इमरान मसूद को अक्सर टीवी चैनलों पर देखते हैं, जहां वह बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं, लेकिन पार्टी के नेताओं को सिर्फ बातें करने के बजाय जमीनी काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सभी मिलकर काम करेंगे, तभी पार्टी आगे बढ़ पाएगी। उन्होंने मसूद को गठबंधन धर्म निभाने की भी नसीहत दी। दूसरी ओर खड़गे ने इमरान मसूद के काम की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि इमरान संसद में पार्टी के लिए लगातार लड़ते हैं और कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखने के साथ अपनी बात मनवाने की कोशिश करते हैं। खड़गे के मुताबिक पार्टी के सभी लोगों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
2027 चुनाव से पहले सीट बंटवारे पर सपा और कांग्रेस में तकरार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के बीच खींचतान तेज हो गई है। सहारनपुर से सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के एकतरफा फैसलों पर नाराजगी जताते हुए गठबंधन की गंभीरता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। सपा की पहली उम्मीदवार सूची में बेहट और सहारनपुर ग्रामीण सीटों पर बिना सहमति के प्रत्याशी उतारने से वह खासे नाराज हैं। मसूद ने इसे गठबंधन धर्म के खिलाफ बताया और कहा कि ऐसे कदमों से भाजपा को फायदा मिलता है। 25 नवंबर को आजतक से बातचीत में मसूद ने 26 सीटों के कथित प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा था कि कांग्रेस गठबंधन में सहयोगी है, भिखारी नहीं। इसके अगले दिन यानी 26 नवंबर को उन्होंने कहा कि पार्टी अपना जनाधार मजबूत करने के लिए 60 सीटों पर भी समझौता नहीं करेगी। मसूद ने सपा पर बंद कमरे की बैठकों की बातें मीडिया में लीक करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने सपा की ओर से अलग चुनावी घोषणापत्र जारी करने की योजना पर भी सवाल उठाए। इसके अलावा उन्होंने मायावती को विपक्षी गठबंधन में शामिल करने की पैरवी की और कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में राहुल गांधी सबसे बड़ी गारंटी हैं।
लखनऊ में संविधान बचाओ मार्च और नेताओं की गिरफ्तारी
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस की ओर से लखनऊ में आयोजित संविधान बचाओ मार्च में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वैसे, प्रशासन ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा था कि खड़गे के जाने के बाद वे मार्च निकालेंगे, लेकिन पुलिस से भिड़ेंगे नहीं, बल्कि वहीं बैठ जाएंगे। पार्टी कार्यालय से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे तक बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे, लेकिन पुलिस ने थ्री लेयर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। 40 मिनट तक कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने की कोशिश की, पर पुलिस ने रास्ता नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मार्च को समाप्त करने की घोषणा की गई।
अजय राय का सरकार और अन्य दलों पर निशाना
कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि योगी सरकार तानाशाही कर रही और संविधान दिवस के दिन संविधान कुचलने का काम किया जा रहा है। उनके अनुसार सरकार के लोग संविधान को मानने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता संविधान बचाने के लिए सड़क पर उतरा है । अजय राय ने ओवैसी और चंद्रशेखर की रैली को भारतीय जनता पार्टी प्रायोजित बताया। खड़गे ने वाराणसी लोकसभा चुनाव 2024 का जिक्र करते हुए कहा कि अजय राय ने प्रधानमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़ा और थोड़े अंतर से चूक गए, वरना प्रधानमंत्री को गुजरात जाकर बैठना पड़ता। नाम लिए बिना योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए खड़गे ने कहा कि लखनऊ में एक और नेता पैदा हुआ है, जिसकी नजर अब प्रधानमंत्री की कुर्सी पर है और अमित शाह भी उसी कुर्सी को देख रहे, लेकिन नरेंद्र मोदी पद छोड़ना नहीं चाहते। खड़गे ने कहा कि उनकी सलाह है कि आगे चलकर गद्दी छोड़ देनी चाहिए।