UP Election 2027 Third Front : उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुत बड़ा फेरबदल होने जा रहा। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने आपस में हाथ मिला लिया है। राजधानी लखनऊ में आज आधिकारिक तौर पर इस नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान कर दिया गया। सूत्रों के हवाले से सामने आ रहा कि आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में यह नया राजनीतिक दल मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस गठबंधन का मुख्य चेहरा युवा फायरब्रांड नेता चंद्रशेखर आजाद होंगे, जो मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी रहेंगे।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम से उतरेगा नया राजनीतिक दल
इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। मोर्चा विधानसभा चुनाव में 150 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा। चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि AIMIM 50 सीटों पर प्रत्याशी खड़े करेगी। इस गठबंधन की पहली बड़ी और ताकतवर महारैली 26 नवंबर को लखनऊ के ऐतिहासिक रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित की जाएगी। उसमें मंच पर चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी दोनों दिग्गज नेता एक साथ नजर आएंगे। वैसे, उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 203 सीटों का है। यह गठबंधन 150 सीटों पर चुनाव लड़ रहा, इसलिए राजनीतिक गलियारों में इस बात की पूरी संभावना जताई जा रही कि चुनाव नजदीक आने पर कुछ अन्य छोटे दल मोर्चे का दामन थाम सकते हैं।
40% दलित-मुस्लिम आबादी पर टिकीं निगाहें
2011 की जनगणना के आंकड़ों पर गौर करें तो यूपी में अनुसूचित जाति (दलित) समुदाय की आबादी 20.7% और मुस्लिम आबादी 19.3% है। इन दोनों समुदायों की कुल आबादी राज्य में 40% बैठती है। यह नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इसी मजबूत सामाजिक समीकरण को अपनी मुख्य राजनीतिक ताकत बनाने की कोशिश में जुटा है। यूपी की 403 विधानसभा सीटों की बात करें तो इनमें से 84 सीटें अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित हैं। 120 ऐसी सीटें हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या हार-जीत तय करने में निर्णायक मानी जाती है। वैसे, केवल जनसंख्या के आंकड़ों से यह तय नहीं होता कि पूरा का पूरा वर्ग एक तरफ वोट देगा, क्योंकि स्थानीय उम्मीदवारों का प्रभाव, क्षेत्रीय मुद्दे और चुनाव के वक्त के हालात भी बहुत बड़ा असर डालते हैं।
पुराना चुनावी रिकॉर्ड और पिछला सफर
दोनों दलों के पिछले चुनावी इतिहास पर नजर डाली जाए तो चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 111 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे। उस दौरान पार्टी को मिलाकर 1.19 लाख वोट मिले थे, जो कुल मतों का 0.13% था। वैसे, उस चुनाव में पार्टी का खाता नहीं खुल सका था। वह कोई सीट नहीं जीत पाई थी। दूसरी ओर AIMIM ने भी पिछले चुनाव में 95 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे और उसे 0.49% वोट मिले थे। इसके बाद के निकाय चुनावों में AIMIM ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुछ नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद पद जीते थे।
सपा के मुस्लिम और बसपा के दलित वोटों में सेंध का अनुमान
इस नए गठबंधन के मैदान में उतरने से राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी सपा और सत्ताधारी दल दोनों की रणनीतियों पर असर पड़ सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मोर्चा दलित और मुस्लिम वोटों के बड़े हिस्से को अपने पाले में खींचने में कामयाब होता है तो इससे परंपरागत रूप से सपा को मिलने वाले मुस्लिम मतों और बसपा के दलित वोटों में बड़ी सेंध लग सकती है। ओवैसी लगातार रैलियों और दौरों से जनता के बीच सक्रिय हैं। चंद्रशेखर की नगीना लोकसभा सीट पर मिली बड़ी जीत के बाद उनका दलित युवाओं के बीच बढ़ा क्रेज इस मोर्चे को नई ऊर्जा दे रहा। अब देखना यह होगा कि यह नया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा चुनावी मैदान में अन्य दलों के लिए कितनी बड़ी चुनौती पेश कर पाता है।