Asaduddin Owaisi On Akhilesh Yadav : ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष एवं हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार यानी 14 नवंबर 2026 को मेरठ में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी। अपनी पार्टी और आजाद समाज पार्टी (ASP) के नए गठबंधन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की पहली रैली में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस और भाजपा पर तीखे हमले किए। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे, पुराने दंगों, पुलिस एनकाउंटर तथा विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर कई बड़े बयान दिए।
अखिलेश के अयोध्या दौरे और पीडीए नारे पर ओवैसी का तंज
रैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव की 12 दिसंबर की अयोध्या यात्रा पर सवाल खड़े किए। गौरतलब है कि 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बनी राम जन्मभूमि पर जनवरी 2024 में हुई प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह अखिलेश यादव का पहला दौरा होगा। इस पर ओवैसी ने कहा कि अखिलेश उस स्थान पर जा रहे, जहां 1992 में ढांचा गिराए जाने से पहले मुसलमानों ने 400 वर्षों तक इबादत की थी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश के दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उनका स्वागत है। मगर, उन्हें पहले 1990 में राम भक्तों पर हुई गोलीबारी के लिए माफी मांगनी चाहिए, जब उनके पिता मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे। ओवैसी ने संभल, बहराइच, बाराबंकी जैसे जिलों में मस्जिदों व मदरसों पर हुई कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि क्या अखिलेश यादव कभी उन स्थानों पर गए, जहां धार्मिक स्थल ध्वस्त किए गए। उन्होंने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की नई व्याख्या करते हुए तंज कसा कि असल में पीडीए का अर्थ पलट दिया अखिलेश है। मतलब आगामी चुनाव में उनकी सियासत पलट दी जाएगी। उन्होंने नगीना में नमाज पढ़ने की मांग कर रहे लोगों का समर्थन करने के लिए चंद्रशेखर आजाद की सराहना भी की।
मुजफ्फरनगर दंगे और हाशिमपुरा कांड की दिलाई याद
पश्चिमी यूपी के इस मंच से ओवैसी ने 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर समाजवादी पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में हुए उस नरसंहार में 50 हजार लोग बेघर हो गए थे। ओवैसी ने आरोप लगाया कि विधानसभा में 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद सपा सरकार ने पीड़ितों की मदद नहीं की, उल्टा बाद में राहत शिविरों को उजाड़ दिया गया। उस समय सैफई में नाच-गाने के कार्यक्रम चल रहे थे। ओवैसी ने कांग्रेस को भी नहीं बख्शा और स्थानीय लोगों को 22 मई 1987 के हाशिमपुरा कांड की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों से पूछिए कि जब मेरठ के हाशिमपुरा में 42 मुसलमानों की हत्या हुई थी, तब सूबे में कांग्रेस की सरकार थी।
'मूंछ-दाढ़ी वालों का गठबंधन साफ सिर और बिना दाढ़ी वालों को पहुंचाएगा राजनीतिक नुकसान'
असदुद्दीन ओवैसी ने मंच से बड़ा ऐलान करते हुए नगीना सांसद एवं ASP प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया। ओवैसी ने कहा कि यह गठबंधन केवल हाथों का मिलन नहीं है, बल्कि हमारे दिल भी मिल चुके हैं। अब वे किसी राजनीतिक दल के सामने न तो झुकेंगे, न भीख मांगेंगे और न किसी के लिए कालीन बिछाएंगे। बिना किसी का नाम लिए ओवैसी ने कहा कि मूंछ और दाढ़ी वालों का यह गठबंधन साफ सिर और बिना दाढ़ी वालों को राजनीतिक नुकसान पहुंचाएगा। बता दें, हाल में लखनऊ में दोनों नेताओं ने गठबंधन की घोषणा करते हुए राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था। पिछले 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 और ASP ने 20 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन दोनों दलों को एक भी सीट पर जीत नहीं मिल सकी थी। अब यह मोर्चा खुद को एनडीए (NDA) और सपा-कांग्रेस के मजबूत विकल्प के रूप में पेश कर रहा है।
पुलिस एनकाउंटर, हेट स्पीच और 1857 की क्रांति का जिक्र
ओवैसी ने कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि देशभर में दर्ज हेट स्पीच के 670 मामलों में से 75% अकेले उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस एनकाउंटर का सबसे अधिक शिकार मुस्लिम समुदाय हुआ है। वैसे, उन्होंने अपनी पार्टी को हर तरह के एनकाउंटर के खिलाफ बताते हुए विकास दुबे, सुमित गुर्जर और पुष्पेंद्र यादव के मारे जाने का भी जिक्र किया। ओवैसी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि प्रदेश में बंदूक का नहीं, बल्कि कानून का राज चलेगा। खाकी वर्दी वालों की जवाबदेही तय की जाएगी। ओवैसी ने मेरठ के ऐतिहासिक महत्व को जोड़ते हुए कहा कि 1857 में अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की पहली क्रांति इसी धरती से रमजान के महीने में शुरू हुई थी। संयोग से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव का मतदान भी इसी पवित्र महीने में पड़ सकता है।