Nitish Setu Inauguration News : बिहार के विकास को आज एक नई रफ्तार मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 21 नवंबर 2026 को बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान वे वैशाली में गंगा नदी पर तैयार हुए कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज का लोकार्पण करेंगे। खास बात यह है कि इस आधुनिक पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के सम्मान में नीतीश सेतु रखा गया है।

60 हजार करोड़ की परियोजनाओं से चमकेगा बिहार

प्रधानमंत्री सिर्फ पुल का ही उद्घाटन नहीं करेंगे, बल्कि सूबे के 21 अलग-अलग विभागों की कुल 103 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन योजनाओं की कुल लागत 60 हजार करोड़ से भी अधिक है। इस महा-पैकेज में सड़क निर्माण, नए पुल, औद्योगिक विकास, शिक्षा और आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं के कई बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।

1243 एकड़ में बनेगा विशाल इंडस्ट्रियल कॉरिडोर

बिहार में रोजगार और निवेश के नए दरवाजे खोलने के लिए पीएम मोदी वैशाली के राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में 1243 एकड़ जमीन पर बनने वाले इंडस्ट्रियल पार्क और कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे। इस प्रोजेक्ट का मुख्य मकसद राज्य में बड़े उद्योगों को आकर्षित करना और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना है।

ऐसा रहेगा प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

आगमन: पीएम मोदी वायु सेना के विशेष विमान से दोपहर 12:45 बजे पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।

स्वागत: एयरपोर्ट पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उनकी अगवानी करेंगे। पीएम के आगमन से पहले सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है-आ रहे हैं युगपुरुष…।

कार्यक्रम स्थल: पटना से पीएम सीधे वैशाली के लिए निकलेंगे। वहां दोपहर 3:15 बजे तक रुकेंगे। सबसे पहले वे नीतीश सेतु का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे। सके बाद जाफरपट्टी में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे।

राजापाकर में एक लाख लोगों की महासभा, एनडीए दिखाएगा ताकत

शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री राजापाकर में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन ने सभा स्थल पर एक लाख लोगों के बैठने का इंतजाम किया है। इसमें एनडीए के सभी घटक दलों-भाजपा (BJP), जदयू (JDU), लोजपा (रामविलास), हम (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान 

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पटना, वैशाली और आसपास के जिलों की यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल पर 20 नवंबर की रात 10 बजे से भारी और कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। पुल की पूर्वी लेन केवल पीएम के कार्यक्रम से जुड़ी गाड़ियों के लिए आरक्षित है। इसमें बनारसी चौक से आम वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। महात्मा गांधी सेतु पर आज सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक गांधी सेतु पर भी ट्रक और अन्य भारी व्यावसायिक वाहन नहीं चलेंगे। समस्तीपुर से वैशाली आने वाले भारी वाहनों पर रोक रहेगी। समस्तीपुर से पटना जाने वाले कमर्शियल वाहनों को महुआ-फकुली-मुजफ्फरपुर वाले रास्ते से डायवर्ट किया गया है।

सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद पीएम का दूसरा दौरा

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दूसरा बिहार दौरा है। इससे पहले वे 7 मई 2026 को पटना आए थे, जब भाजपा नेतृत्व वाली नई बिहार सरकार का कैबिनेट विस्तार हुआ था। उस वक्त पटना के गांधी मैदान में 32 मंत्रियों ने शपथ ली थी। उसी समारोह में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी पहली बार मंत्री पद की शपथ ली थी। जो स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे।