Nitish Setu News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार के दौरे पर आ रहे। इस दौरान वे उत्तर और दक्षिण बिहार को आपस में जोड़ने वाले अत्याधुनिक कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर 6 लेन पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। बिहार सरकार के इस महासेतु का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में नीतीश सेतु किया गया है। राजापाकर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कई अन्य विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इसकी जानकारी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है।

आधुनिक इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट नमूना है यह महासेतु

5000 करोड़ रुपए से तैयार यह 19.30 किलोमीटर लंबा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन एक्स्ट्राडोज्ड केबल महासेतु इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है।

पिलर और निर्माण : यह विशाल पुल 67 मजबूत पिलरों पर खड़ा है। इसका निर्माण प्रसिद्ध एजेंसी एल एंड टी (L&T) ने किया है।

मुख्य गंगा पुल : इसमें केवल मुख्य गंगा नदी पर बने पुल की लंबाई 9.76 किलोमीटर है।

वाहन गति : इस आधुनिक मार्ग पर गाड़ियां 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी।

तीसरा सबसे बड़ा गंगा महासेतु

यह नया महासेतु पटना शहर से जुड़ने वाला तीसरा सबसे बड़ा गंगा महासेतु बन गया है। वर्तमान समय में उत्तर बिहार से गाड़ियां जेपी दीघा सेतु (दो लेन) और महात्मा गांधी सेतु (फोरलेन) के जरिए पटना पहुंचती हैं। इस नए मार्ग के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन करने वाले ट्रकों, बसों और अन्य सभी मालवाहक वाहनों को भारी राहत मिलेगी।

जनता को मिलने वाले प्रमुख लाभ और कनेक्टिविटी

इस छह लेन महासेतु के शुरू होने से बिहार की परिवहन व्यवस्था में एक क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है। 

मजबूत कनेक्टिविटी : यह महासेतु सीधे पटना रिंग रोड और निर्माणाधीन आमस-दरभंगा फोरलेन एक्सप्रेस-वे को आपस जोड़ेगा। इससे दानापुर, दीघा, शिवाला, बिहटा, कन्हौली, डुमरी, नयागांव, तेलवारीचक, कच्ची दरगाह और सबलपुर के बीच मजबूत लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट हब विकसित होंगे।

यातायात जाम से मुक्ति : इस नए मार्ग के चालू होने से गांधी सेतु, बिहटा-कोईलवर पुल और आरा-छपरा के वीर कुंवर सिंह सेतु पर भारी वाहनों (ट्रकों) का लोड काफी हद तक कम हो जाएगा।

उत्तर बिहार का सफर आसान : मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, कोसी और सीमांचल की तरफ जाने वाले वाहनों को अब पटना शहर के अंदर प्रवेश करने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। उन्हें एक सीधा बाइपास मिल जाएगा, जिससे यात्रा के समय में भारी बचत होगी।

राघोपुर दियारा का कायाकल्प : महासेतु के कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक के 4.57 किलोमीटर हिस्से पर पहले से ही गाड़ियां चल रही हैं। इससे उन लाखों स्थानीय लोगों को नाव के जोखिम भरे सफर से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है, जो बरसात के दिनों में मजबूरी में नाव के सहारे पटना आते थे। अब राज्य सरकार राघोपुर दियारा इलाके को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए इसके चारों तरफ मजबूत बांध बनाने की योजना पर तेजी से काम कर रही। क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को देखते हुए सरकार वहां इंडस्ट्रियल एरिया, लॉजिस्टिक एरिया और आईटी पार्क विकसित करने की भी पूरी तैयारी कर रही।