बिहार के समस्तीपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठ पूजा के प्रसाद को छूने और जूठा करने से नाराज एक मां ने अपनी ही चार साल की मासूम बेटी की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर हालत में बच्ची को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जिले के पूसा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बिरौली गांव का है। मृत बच्ची की पहचान राजू पासवान की चार वर्षीय बेटी सुहानी कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी मां का नाम रीना कुमारी बताया गया है।

प्रसाद छूने पर मां को आया गुस्सा

परिजनों के मुताबिक, परिवार में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं। घर के अन्य सदस्य घाट पर पूजा की व्यवस्था करने गए हुए थे, जबकि रीना घर पर प्रसाद के पकवान तैयार कर रही थी। इसी दौरान छोटी बेटी सुहानी ने प्रसाद के लिए बनाए गए पकवान को छू लिया और खाने लगी। इस बात से नाराज होकर रीना ने बच्ची की पिटाई कर दी। कुछ देर बाद सुहानी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद मां ही उसे इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पिता ने मां के लिए मांगी सख्त सजा

बेटी की मौत के बाद पिता राजू पासवान का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। राजू के मुताबिक, परिवार में तीन बच्चे हैं। इनमें सात साल की शिवानी, चार साल की सुहानी और डेढ़ साल का बेटा राजा कुमार शामिल हैं। जिस घर में छठ पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां मासूम की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है।

आरोपी मां गिरफ्तार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने पर पूसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। आरोपी रीना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।