Chhath Puja 2026: लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन आज यानी 15 नवंबर 2026 को पूरे बिहार में भक्ति और उल्लास का माहौल चरम पर है। राज्य के 10 हजार से भी अधिक नदी घाटों और तालाबों पर श्रद्धालु अस्ताचलगामी यानी डूबते हुए सूर्य देव को पहला अर्घ्य अर्पित किया गया। इस पावन अवसर पर आम लोगों के साथ-साथ राजनीति और मनोरंजन जगत की बड़ी हस्तियां भी छठी मइया की भक्ति में लीन नजर आ रही हैं।
दिग्गज नेताओं और भोजपुरी अभिनेत्री ने दिया अर्घ्य
पटना के दीघा स्थित मीनार घाट पर लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गंगा नदी के छठ घाट पर पहुंचे और भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पटना स्थित आवास पर भी छठ पूजा का भव्य आयोजन हो रहा है। नितिन नवीन स्वयं अपने सिर पर पूजा का दउरा उठाकर घाट तक पहुंचे। प्रदेश के हर घाट पर बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति की अनूठी छटा बिखरी है।
राजधानी पटना में खास इंतजाम और SSB बैंड की प्रस्तुति
राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा किनारे 100 से ज्यादा घाट तैयार किए गए हैं। इसके अलावा तीन प्रमुख घाटों के नजदीक अस्थाई तालाबों का निर्माण भी कराया गया है, जहां एक साथ 500 व्रती खड़े होकर अर्घ्य दे सकते हैं। पटना के दीघा घाट पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) के बैंड ने शानदार प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। सब-इंस्पेक्टर नानक चंद्र के नेतृत्व में बैंड ने गणेश वंदना की धुन से शुरुआत की, जिसके बाद भगवान जगदीश की आरती और इंडिया गेट क्विक मार्च की धुन बजाई गई। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पटना के ट्रैफिक एसपी ने स्वयं घाटों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पटना जिले के ऐतिहासिक ओलार्क उलार सूर्य मंदिर में भी संध्या अर्घ्य देने के लिए व्रतियों का तांता लगा है।
पीतल के सूप में क्यों अनिवार्य है बांस का कोपर?
भागलपुर की रहने वाली वंदना झा के घर भी छठ का अनुष्ठान चल रहा। छठ व्रत से जुड़ी एक खास परंपरा के बारे में वंदना झा बताती हैं कि पूजा के दौरान पीतल के सूप का प्रयोग तो किया जा सकता है, लेकिन उसके भीतर बांस का बना कोपर रखना बेहद जरूरी होता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बांस को वंश की वृद्धि और घर की सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि पीतल के सूप में भी बांस का कोपर रखना इस महापर्व की परंपरा का अभिन्न अंग है।
शिवहर में दंडवत यात्रा, औरंगाबाद के देव में उमड़ी लाखों की भीड़
बिहार के अलग-अलग जिलों में आस्था के अनोखे रंग देखने को मिल रहे। सीतामढ़ी के ग्रामीण इलाकों में बेहद सादगी और पारंपरिक तरीके से छठ मनाया जा रहा है। शिवहर जिले में मन्नत पूरी होने पर कई व्रती अपने घर से कठिन रास्तों पर दंडवत प्रणाम करते घाटों तक पहुंचे। श्रद्धालुओं की यह अटूट भक्ति देखकर हर कोई भावुक हो रहा। औरंगाबाद जिले की सूर्य नगरी देव स्थित प्रसिद्ध सूर्यकुंड तालाब पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटे।
शीर्ष नेताओं ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह: उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सूर्य उपासना और लोक आस्था का यह पर्व सभी के जीवन में सुख-शांति और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए तथा छठी मइया की कृपा सब पर बनी रहे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: उन्होंने संध्या अर्घ्य की बधाई देते हुए लिखा कि आस्था और भक्ति के इस तीसरे दिन भगवान सूर्य और छठी मइया का आशीर्वाद सभी व्रतियों व श्रद्धालुओं पर बना रहे, जिससे सबका जीवन सुख-शांति और आरोग्य से भरा रहे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी: उन्होंने कहा कि संध्या अर्घ्य का यह पवित्र अवसर सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली का संचार करे।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: उन्होंने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई देते हुए प्रार्थना की कि भगवान सूर्यदेव और छठी मइया सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और आरोग्यता प्रदान करें।