UP Swami Prasad Maurya News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में आज देश की राजधानी में एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब अपनी जनता पार्टी (AJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस अहम बैठक के बाद मौर्य ने घोषणा की कि उनकी पार्टी अब विरोधी दलों के इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनने जा रही है।

साझा एजेंडे और विचारधारा का दिया हवाला

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से वार्ता के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश और प्रदेश में हाशिए पर मौजूद वर्गों-अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ों के अधिकारों को लेकर राहुल गांधी राष्ट्रीय पटल पर पुरजोर आवाज उठा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी भी इन्हीं जन-सरोकारों और वंचितों के हक के लिए प्रयासरत है। मौर्य ने कहा कि दोनों पक्षों का संघर्ष, नीतियां और वैचारिक धरातल एक समान हैं। इस वजह से मुख्य विपक्षी विकल्प के तौर पर उभरी कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया गया है।

 केंद्र सरकार की नीतियों पर बोला हमला

मुलाकात के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने मौजूदा सत्ता पक्ष पर तीखे हमले बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन प्रशासन की नीतियों के चलते आज देश में बेरोजगारी चरम पर है। युवाओं को नौकरियों से वंचित किया जा रहा। संवैधानिक आरक्षण को कमजोर किया जा रहा और कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को किनारे कर 80 करोड़ आबादी को मामूली अनाज राशन तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने किसान, शिक्षा प्रणाली और राष्ट्रीय परिसंपत्तियों के निजीकरण के मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि इन विकट समस्याओं के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मोर्चा खड़ा करना समय की मांग है।

राहुल गांधी बनें देश के अगले पीएम : मौर्य

AJP प्रमुख ने कहा कि उनकी मंशा राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। इस ध्येय को ध्यान में रखते हुए वे समान सोच रखने वाले राजनीतिक धड़ों को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं। मौर्य ने आज की बैठक को भावी राजनीतिक ताने-बाने की महज एक शुरुआत करार दिया और कहा कि सीटों के तालमेल तथा विस्तृत चुनावी रूपरेखा का विवरण आगामी दिनों में तय किया जाएगा।