UP Samajwadi Party And Congress : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं, लेकिन विपक्षी खेमे में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है। आज यानी 17 नवंबर 2026 को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली महत्वपूर्ण बैठक फिलहाल टल गई है। सूत्रों के अनुसार पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव की मुलाकात हुई थी, जिसके बाद इस बैठक को अगले दो-तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। 

सीटों के मामले को सुलझाने को समिति का गठन

इस बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सीटों के मामलों को सुलझाने के लिए 5 सदस्यीय उच्चस्तरीय समन्वय समिति का गठन किया है। इस समिति की कमान पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी को सौंपी गई है। इस समिति में प्रियंका गांधी के अलावा संगठन के दिग्गज नेता केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेंदरर पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को शामिल किया गया है।

कांग्रेस ने 181 सीटों का रखा है प्रस्ताव

सूत्रों का दावा है कि कांग्रेस पार्टी इस चुनाव में समाजवादी पार्टी से काफी बड़ी संख्या में सीटों की मांग कर रही। चर्चा है कि कांग्रेस ने सपा के सामने 181 सीटों का प्रस्ताव रखा है। पेच इस बात पर फंस रहा है कि इस मांग में कई ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां वर्तमान में समाजवादी पार्टी के अपने विधायक काबिज हैं। इस वजह से दोनों दलों के बीच बात अटकती हुई नजर आ रही और यह सस्पेंस लंबा खिंचा तो सीटों के बंटवारे की राह और अधिक कठिन हो सकती है।

पिछले चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर उतारे थे उम्मीदवार, जीती थी केवल 2 सीट

पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और बहुमत के लिए 202 सीटों की आवश्यकता होती है। साल 2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। उनमें से उसे 397 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। उस दौरान पार्टी के 387 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी और कांग्रेस केवल 2 सीटें जीतने में सफल रही थी, जबकि उसका कुल वोट शेयर मात्र 2.33% रहा था। अब देखना होगा कि नई समन्वय समिति के गठन और शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का यह गतिरोध कैसे सुलझता है।