भारतीय क्रिकेट में कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं, जो कम उम्र में ही अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बना लेते हैं। वैभव सूर्यवंशी भी इसी लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने क्रिकेट की दुनिया में ऐसे कारनामे किए हैं, जिनकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। आईपीएल में 35 गेंदों पर शतक लगाने से लेकर लिस्ट-ए क्रिकेट में 52 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ने तक, वैभव ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। 24 नवंबर को एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में यूएई के खिलाफ उनकी 53 गेंदों में 204 रन की पारी ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए।

वैभव ने 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर दिया। वैभव की इस पारी ने लिस्ट-ए क्रिकेट के कई पुराने विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। हालांकि, वैभव की उपलब्धियां सिर्फ इस एक पारी तक सीमित नहीं हैं। घरेलू क्रिकेट, इंडियन प्रीमियर लीग, अंडर-19 विश्व कप और अंतरराष्ट्रीय टी-20 में भी वह कई ऐतिहासिक कीर्तिमान बना चुके हैं। आइए जानते हैं उनके क्रिकेट करियर के अब तक के बड़े रिकॉर्ड और उपलब्धियों के बारे में।

1. 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में किया डेब्यू

वैभव सूर्यवंशी ने बेहद कम उम्र में सीनियर क्रिकेट में कदम रख दिया था। जनवरी 2024 में उन्होंने बिहार की ओर से रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया। उस समय उनकी उम्र महज 12 साल थी। इसके बाद दिसंबर 2024 में उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में भी अपना पहला मुकाबला खेला। इतनी छोटी उम्र में सीनियर स्तर पर खेलने का अनुभव उनके करियर के लिए अहम साबित हुआ। आगे चलकर उन्होंने इसी मंच पर ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिनकी उम्मीद किसी अनुभवी बल्लेबाज से भी की जाती है।

2. 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू और 35 गेंदों में शतक

वैभव सूर्यवंशी ने 19 अप्रैल 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल में डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र महज 14 साल और 23 दिन थी। इसके साथ ही वह आईपीएल में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। डेब्यू के कुछ ही दिनों बाद, 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया। वैभव ने महज 35 गेंदों में शतक जड़ते हुए 38 गेंदों पर 101 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 11 छक्के और सात चौके निकले।

इस पारी के साथ उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल कीं।

  • आईपीएल में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।
  • पुरुष टी-20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया।
  • आईपीएल में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बने।
  • पुरुष टी-20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का कीर्तिमान बनाया।
  • 35 गेंदों में शतक लगाकर आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा। इस सूची में क्रिस गेल का 30 गेंदों का शतक पहले स्थान पर है।
  • किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे तेज आईपीएल शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

3. 190 रन की पारी खेलकर लिस्ट-ए क्रिकेट में रचा इतिहास

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025 में भी अपनी बल्लेबाजी का जलवा दिखाया। 24 दिसंबर 2025 को अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ बिहार की ओर से खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 84 गेंदों में 190 रन बना दिए। उनकी इस पारी में 16 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उन्होंने 36 गेंदों में शतक और 59 गेंदों में 150 रन पूरे किए। इस प्रदर्शन के साथ वैभव पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने। साथ ही 59 गेंदों में 150 रन बनाकर इस प्रारूप में सबसे तेज डेढ़ सौ रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। बाद में उन्होंने यूएई के खिलाफ 40 गेंदों में 150 रन बनाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस मुकाबले में बिहार ने 574 रन बनाए थे, जो पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे बड़ा टीम स्कोर है।

4. अंडर-19 विश्व कप फाइनल में 175 रन की ऐतिहासिक पारी

वैभव के करियर का एक और यादगार अध्याय अंडर-19 विश्व कप 2026 का फाइनल रहा। 6 फरवरी 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड को 100 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।

इस प्रदर्शन में वैभव ने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए।

  • अंडर-19 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया।
  • उन्मुक्त चंद के 111 रन के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
  • अंडर-19 विश्व कप में किसी भारतीय बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर दर्ज किया।
  • एक अंडर-19 विश्व कप संस्करण में 30 छक्के लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया।
  • अंडर-19 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने।
  • टूर्नामेंट में 439 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया।

इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।

5. टी-20 क्रिकेट में सिर्फ 515 गेंदों में लगाए 100 छक्के

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत लंबे छक्के लगाने की क्षमता है। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में महज 515 गेंदों का सामना करते हुए 100 छक्के पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के लिए उन्हें सिर्फ 29 पारियां खेलनी पड़ीं। इस तरह वह टी-20 क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में छक्कों का शतक पूरा करने वाले बल्लेबाज बन गए। उनकी यह उपलब्धि बताती है कि वह शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने में विश्वास रखते हैं।

6. भारत के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने

आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में धूम मचाने के बाद वैभव को भारतीय टीम की ओर से खेलने का मौका मिला। 4 जुलाई 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 99 दिन थी। इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। सचिन ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। वैभव अपने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने दो छक्के भी लगाए। इस तरह वह भारत के सबसे कम उम्र के पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन गए।

7. टी-20 क्रिकेट में 18 गेंदों में अर्धशतक

जुलाई 2026 में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी वैभव ने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 118 दिन थी। इस प्रदर्शन के साथ वह पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने जिब्राल्टर के लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 16 साल और 56 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। सीरीज के तीसरे मुकाबले में भी वैभव ने 49 गेंदों पर 81 रन बनाए। तीन मैचों में उनके बल्ले से कुल 151 रन निकले। उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। वह पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह पुरस्कार जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हुए।

8. दलीप ट्रॉफी में 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

अगस्त 2026 में वैभव ने घरेलू क्रिकेट के एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी में भी नया इतिहास बनाया। ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उस समय उनकी उम्र 15 साल और 157 दिन थी। इस तरह वह दलीप ट्रॉफी के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए। उन्होंने करीब 57 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। इससे पहले यह उपलब्धि लक्ष्मण सिंह के नाम थी, जिन्होंने 16 साल और 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था। वैभव ने इस मुकाबले की पहली पारी में 81 गेंदों पर 92 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में 43 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली।

9. पुरुष टी-20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान बने

नवंबर 2026 में वैभव को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी करने की जिम्मेदारी मिली। सौराष्ट्र के खिलाफ मैदान पर उतरते ही उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। 15 साल और 232 दिन की उम्र में वह पुरुष टी-20 क्रिकेट में किसी टीम की कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। उन्होंने क्रोएशिया के जाक वुकुसिक का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में कप्तानी की थी। इस उपलब्धि के साथ वैभव ने साबित किया कि उनकी पहचान केवल एक आक्रामक बल्लेबाज तक सीमित नहीं है। इतनी कम उम्र में टीम की अगुवाई करना भी उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

10. 53 गेंदों में 204 रन, लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक

वैभव के करियर की सबसे चर्चित पारी 24 नवंबर 2026 को यूएई के खिलाफ आई। राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-ए की ओर से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन बना दिए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 384.90 रहा। पारी में उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए। उन्होंने 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया।

इस एक पारी में उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

  • सबसे तेज शतक: 28 गेंदों में सेंचुरी लगाकर ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का 29 गेंदों का रिकॉर्ड तोड़ा।
  • सबसे तेज 150 रन: 40 गेंदों में डेढ़ सौ रन पूरे कर अपना ही 59 गेंदों का पुराना रिकॉर्ड बेहतर किया।
  • सबसे तेज दोहरा शतक: 52 गेंदों में 200 रन बनाकर न्यूजीलैंड के चाड बोवेस का 103 गेंदों का रिकॉर्ड तोड़ा।
  • एक पारी में सर्वाधिक छक्के: 28 छक्के लगाकर डार्सी शॉर्ट के 23 छक्कों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा।
  • सबसे कम उम्र में दोहरा शतक: 15 साल और 242 दिन की उम्र में लिस्ट-ए क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने।

11. 100 से ज्यादा रन की पारी में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा

यूएई के खिलाफ वैभव ने 384.90 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रन की पारी के दौरान सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह कीर्तिमान दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स के पास था। उन्होंने जनवरी 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 गेंदों में 149 रन बनाए थे। इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 338.63 रहा था।वैभव ने इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया और एक ही पारी में अपनी बल्लेबाजी से कई दिग्गजों के कीर्तिमान ध्वस्त कर दिए। 

12. एक ही मुकाबले में भारत-ए के नाम भी कई रिकॉर्ड

वैभव की ऐतिहासिक पारी का असर केवल उनके व्यक्तिगत रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहा। भारत-ए की पूरी टीम ने भी यूएई के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कई नए कीर्तिमान बनाए।

  • पांच ओवर में 100 रन: भारत-ए ने सिर्फ पांच ओवर में टीम के 100 रन पूरे कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज टीम शतक का रिकॉर्ड बनाया।
  • 14.2 ओवर में 250 रन का लक्ष्य हासिल: भारतीय टीम ने यूएई के 249 रन के जवाब में 14.2 ओवर में 254 रन बनाकर जीत दर्ज की। यह लिस्ट-ए क्रिकेट में 200 से ज्यादा रन के लक्ष्य का सबसे तेज सफल रन चेज रहा।
  • एक मैच में 31 छक्के: भारत-ए के बल्लेबाजों ने मिलकर कुल 31 छक्के लगाए। लिस्ट-ए क्रिकेट में एक टीम की ओर से किसी मुकाबले में लगाए गए छक्कों की यह दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इस सूची में बिहार की टीम 38 छक्कों के साथ पहले स्थान पर है।

इस तरह वैभव की तूफानी बल्लेबाजी ने न सिर्फ उनका व्यक्तिगत रिकॉर्ड बनाया, बल्कि भारत-ए को भी रिकॉर्ड बुक में जगह दिलाई।

रिकॉर्ड बनाने के बाद खुद ही तोड़ देते हैं वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी का अब तक का क्रिकेट सफर बेहद खास रहा है। 12 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी खेलने से शुरुआत करने वाले इस बल्लेबाज ने 14 साल की उम्र में आईपीएल शतक लगाया और 15 साल की उम्र में लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ दिया। उनकी बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत तेजी से रन बनाने के साथ लगातार अपने ही पुराने रिकॉर्ड को बेहतर करना है। अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 59 गेंदों में 150 रन बनाने के बाद उन्होंने यूएई के खिलाफ महज 40 गेंदों में यह आंकड़ा पार कर लिया। इसी तरह 103 गेंदों में दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी उन्होंने 52 गेंदों में तोड़ दिया। अभी वैभव के क्रिकेट करियर की शुरुआत ही हुई है। ऐसे में आने वाले वर्षों में उनके सामने कई नए कीर्तिमान बनाने का मौका होगा। क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें अब इस युवा बल्लेबाज की अगली पारी पर रहेंगी।