गुजरात के सूरत से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के 6 सदस्यों को कथित तौर पर नहर में फेंक दिया गया है। इस वारदात में पति-पत्नी और उनकी 9 साल की बेटी की मौत हो गई। परिवार के दो बच्चे अब भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, 13 साल के एक किशोर ने तैरकर अपनी जान बचा ली और पुलिस तक पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही लापता बच्चों को तलाशने के लिए अभियान जारी है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, परिवार महाराष्ट्र के जलगांव जिले का रहने वाला था। सभी लोग काम के सिलसिले में गुजरात के सूरत जा रहे थे। इसी दौरान बारडोली इलाके में उवा गांव के पास दूसरी गाड़ी में आए चार लोगों ने उनकी कार को रोक लिया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाकर नहर तक ले जाया गया और पानी में धकेल दिया गया।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल में रहने वाले नितिन उर्फ भूरिया पाटिल अपनी पत्नी कविता और चार बच्चों के साथ गुजरात जा रहे थे। परिवार में 16 साल और 13 साल के दो बेटे, 9 साल की बेटी और 2 साल का एक छोटा बच्चा शामिल था। बताया जा रहा है कि परिवार काम के सिलसिले में सूरत जा रहा था। रास्ते में बारडोली तालुका के उवा गांव के पास चार लोग दूसरी गाड़ी से पहुंचे और परिवार की कार को रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने परिवार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद नितिन, उनकी पत्नी कविता और दो साल के बच्चे को दूसरी गाड़ी में बैठा दिया गया, जबकि बाकी तीन बच्चों को दूसरी गाड़ी में रखा गया।
13 साल के किशोर ने पाइप पकड़कर बचाई जान
आरोपियों ने तीनों बच्चों को नहर के किनारे ले जाकर पानी में धकेला। 13 वर्षीय करण किसी तरह पानी में मौजूद एक पाइप पकड़ने में कामयाब रहा। उसने हिम्मत दिखाते हुए पाइप के सहारे नहर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद वो पास के पेट्रोल पंप पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किशोर से पूछताछ की तो मामले की गंभीरता सामने आई। उसकी जानकारी के आधार पर नहर में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पति-पत्नी और 9 साल की बेटी के शव बरामद
पुलिस और बचाव दल ने नहर में तलाशी के दौरान तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता पाटिल और 9 साल की बेटी स्वीटी के रूप में हुई है। तीनों के शव सूरत जिले के महुवा तालुका में डुंगरी गांव के पास उकाई-काकरापार नहर से मिले हैं। वहीं, परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं। इनमें 16 साल का बेटा और दो साल का मासूम शामिल है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें दोनों की तलाश में जुटी हुई हैं।
चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में परिवार की बड़ी बेटी खुशी कुंभार की शिकायत पर बारडोली ग्रामीण पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान आभा, खंडियो, बंटी और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी परिवार को पहले से जानते थे। सूरत ग्रामीण पुलिस के एसपी राजेश गढ़िया के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छह पुलिस टीमें बनाई गई हैं। पुलिस इस बात का भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर किस वजह से पूरे परिवार को निशाना बनाया गया। फिलहाल दो लापता बच्चों की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की प्राथमिकता है।