UP Election BJP CM Face News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार का दूसरा कार्यकाल पूरा होने वाला है। भाजपा दावा कर रही कि वह लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने जा रही। हालांकि, पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य चल रहा, ऐसा स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता है। इसी बीच विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बीच खींचतान सामने आई है। 

मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला विधायक दल करेगा: मौर्य

एक न्यूज चैनल से बातचीत में आज सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर कहा कि अगला सीएम कौन होगा, यह बात हर किसी को पता है। उनका यह बयान केशव प्रसाद मौर्य की उस बात के जवाब में आया, जिसमें मौर्य ने कहा था कि कमल का फूल ही सीएम का चेहरा है। मगर, इसके कुछ ही देर बाद उसी चैनल पर केशव प्रसाद मौर्य ने यह कह दिया कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला विधायक दल करेगा। मौर्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं और कोई दूसरा व्यक्ति भी इस पद पर आ सकता है।

‘कमल का फूल हमारी पहचान’: योगी आदित्यनाथ

एक साक्षात्कार के दौरान जब योगी आदित्यनाथ से मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा और कौन नहीं होगा, यह सभी जानते हैं। कमल का फूल पार्टी की पहचान है। सीएम योगी के इस बयान को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए एक संदेश के रूप में देखा जा रहा, क्योंकि मौर्य ने पहले कहा था कि कमल का फूल ही सीएम का चेहरा है। इस पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कमल के निशान पर तो हर उम्मीदवार को चुनाव लड़ना ही है और वह खुद भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य का दोबारा आया बयान

मुख्यमंत्री के चेहरे के मुद्दे पर केशव प्रसाद मौर्य ने फिर से अपनी बात रखी और कहा कि मुख्यमंत्री पद पर कौन बैठेगा, यह विधायक दल तय करेगा। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ भी मुख्यमंत्री हो सकते हैं और कोई अन्य भी मुख्यमंत्री बन सकता है।

मां के निधन पर क्या बोले सीएम योगी?

इंटरव्यू में सीएम योगी आदित्यनाथ से पूछा गया कि जब उनकी माताजी का निधन हुआ, तब वे अपने सारे काम पूरे करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करने हरिद्वार पहुंच गए थे। इस सवाल के जवाब में सीएम योगी ने कहा कि यही संन्यासी का धर्म है। वे पार्टी के साधारण कार्यकर्ता हैं और अपनी विचारधारा से जुड़े हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे मूल्यों और आदर्शों की राजनीति में भरोसा रखते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वे उन मूल्यों और आदर्शों पर कायम हैं।

‘मेरे वस्त्रों से चिढ़ है तो होने दीजिए’

अपने पहनावे और विचारधारा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्हें अपने देश और धर्म पर गर्व महसूस होता है। उन्होंने कहा कि कोई उनसे यह कहता है कि वे इन्हें छोड़ दें तो उनका जवाब होगा कि रहने दो, उन्हें किसी की कृपा की जरूरत नहीं है। अगर, उनके वस्त्रों से किसी को चिढ़ होती है तो होने दीजिए। वे इसकी ज्यादा परवाह नहीं करते और किसी के कहने पर अपने वस्त्र नहीं उतारेंगे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे जापान गए थे, तब भी वे इन्हीं वस्त्रों में गए थे।