बैंकॉक से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरे यात्री ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को बीच रास्ते से वापस बैंकॉक ले जाने का फैसला किया। वहां विमान के उतरते ही मेडिकल टीम पहुंची और हंगामा कर रहे यात्री को अपने साथ ले गई। घटना के बाद फ्लाइट करीब 45 मिनट तक बैंकॉक में रुकी रही, जिसके बाद उसने मुंबई के लिए दोबारा उड़ान भरी। यह घटना बुधवार रात एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2338 में हुई। विमान ने बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट से रात करीब 8:20 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान एक भारतीय यात्री के असामान्य व्यवहार और हंगामे के कारण स्थिति बिगड़ गई। विमान में मौजूद एक यात्री ने बताया कि हालात को देखते हुए पायलट ने यात्रियों को विमान वापस बैंकॉक ले जाने की जानकारी दी।

बैंकॉक में उतरते ही पहुंची मेडिकल टीम

विमान रात करीब 10:40 बजे बैंकॉक एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद मेडिकल टीम विमान तक पहुंची और संबंधित यात्री को अपने साथ ले गई। हालांकि, यात्री ने किस वजह से हंगामा किया और उसकी तबीयत कैसी थी, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।विमान के दोबारा उड़ान भरने से पहले करीब 45 मिनट तक बैंकॉक में रुकने की जानकारी मिली है। इसके बाद फ्लाइट ने मुंबई के लिए अपनी यात्रा फिर शुरू कर दी।

एअर इंडिया की तरफ से आधिकारिक बयान का इंतजार

इस घटना को लेकर एअर इंडिया की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि यात्री के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। घटना के दौरान विमान में सवार अन्य यात्रियों को कितनी परेशानी हुई, इसकी विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध नहीं है।विमान में यात्रियों के अनुचित व्यवहार को गंभीरता से लिया जाता है, खासकर तब जब उससे उड़ान की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका हो। ऐसे मामलों में पायलट परिस्थितियों के अनुसार विमान को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारने या वापस ले जाने का फैसला कर सकता है।