Punjab AAP Candidate List : पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान की आज यानी 12 नवंबर 2026 को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के अनुसार AAP ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। नई सूची में 31 प्रत्याशियों के नाम हैं। इससे पहले 31 अक्टूबर को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस तरह आम आदमी पार्टी अब तक राज्य की 71 विधानसभा सीटों पर अपने पत्ते खोल चुकी है।

मौजूदा विधायकों पर गिरी गाज, सिर्फ 2 को मिला दोबारा मौका

2022 के पिछले विधानसभा चुनाव में इन 31 सीटों में से 10 सीटों पर AAP ने जीत हासिल की थी। हालांकि, इस बार चुनावी समीकरणों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने बड़े स्तर पर बदलाव किया है। उन 10 में से केवल 2 मौजूदा विधायकों को ही दोबारा मैदान में उतारा है। इनमें बल्लुआना सीट से अमनदीप सिंह गोल्डी मुसाफिर और जगराओं सीट से सरबजीत कौर मानुके का नाम शामिल है। दूसरी ओर पार्टी ने कई दिग्गज चेहरों और मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं। जिन प्रमुख नेताओं को इस बार टिकट नहीं मिला है, उनमें कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, पूर्व मंत्री व खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान, बठिंडा रूरल से विधायक अमित रतन कोटफत्ता, कुंवर विजय प्रताप, पट्टी से पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, रमन अरोड़ा, शुतराना से कुलवंत बाजीगर और डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी (जिन्होंने पिछले चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शिकस्त दी थी) शामिल हैं। पार्टी सूत्रों और नेताओं के पूर्व बयानों के अनुसार अनमोल गगन मान ने पहले चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई थी और उन्हें टिकट न मिलने के संकेत मिल चुके थे। तरनतारन जिले की पट्टी सीट से पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी पहले ही यह स्पष्ट कर चुके थे कि वे जेल में रहते हुए चुनाव नहीं लड़ना चाहते। लंबी विधानसभा क्षेत्र से कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काटकर उनकी जगह रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को प्रत्याशी बनाया गया है।

दो मौजूदा सांसदों और पंजाबी अभिनेत्री पर पार्टी ने जताया भरोसा

AAP ने विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने दो मौजूदा लोकसभा सांसदों को भी चुनावी मैदान में उतारा है। संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है, जबकि होशियारपुर से सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने ग्लैमर जगत से राजनीति में आईं पंजाबी अभिनेत्री सोनिया मान को भी टिकट दिया है। किसान नेता बलदेव सिंह मान की बेटी सोनिया मान को अमृतसर की राजा सांसी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। सोनिया 23 फरवरी 2025 को AAP में शामिल हुई थीं। वे पंजाबी के साथ हिंदी, तेलुगु, मलयालम और मराठी सिनेमा में भी अभिनय कर चुकी हैं।

दूसरी पार्टियों से आए नेताओं को भी मिली जगह

दूसरी सूची में AAP ने दूसरे राजनीतिक दलों से पाला बदलकर आए नेताओं को भी तवज्जो दी है। शिरोमणि अकाली दल छोड़ AAP का दामन थामने वाले पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू को आदमपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़ AAP में शामिल हुए स्वर्ण सलारिया को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

अमित रतन कोटफत्ता का टिकट कटने के पीछे विवाद और कानूनी मामले

बठिंडा रूरल सीट से विधायक अमित रतन कोटफत्ता का टिकट कटने के पीछे उन पर चल रहे गंभीर कानूनी मामले और विवाद माने जा रहे। अमित रतन पर पंजाब में भ्रष्टाचार का मामला दर्ज है। हरियाणा में भी उनका नाम एक बड़े विवाद से जुड़ा है। अमित रतन हरियाणा की IAS अधिकारी अमनीत पी. कुमार के भाई हैं। अमनीत पी. कुमार के पति और IPS अधिकारी पूर्ण कुमार की आत्महत्या का मामला काफी सुर्खियों में रहा था। इस घटना के बाद हरियाणा पुलिस के ASI संदीप लाठर ने भी आत्महत्या कर ली थी। संदीप की पत्नी संतोष की शिकायत पर दर्ज FIR में IAS अमनीत पी. कुमार, उनके भाई अमित रतन और दो अन्य लोगों को नामजद किया गया था। इन सभी पर संदीप को आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश रचने के आरोप लगे हैं, जिसकी जांच विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही।

पहली सूची में भी शामिल थे कई बड़े और चर्चित नाम

31 अक्टूबर को जारी 40 उम्मीदवारों की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई वरिष्ठ नेताओं को दोबारा मौका दिया गया था। पहली सूची के प्रमुख नाम इस प्रकार हैं-

शीर्ष नेतृत्व और जेल में बंद मंत्री : धूरी से मुख्यमंत्री भगवंत मान, कोटकपूरा से विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, गढ़शंकर से डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी, बटाला से कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी और लुधियाना वेस्ट से जेल में बंद कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया गया है।

पूर्व मंत्री : अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर जिम्पा, अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, करतारपुर से बलकार सिंह और मोहाली से कुलवंत सिंह को टिकट मिला है।

महिला उम्मीदवार : तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, नकोदर से इंदरजीत कौर मान और बलाचौर से संतोष कटारिया को मैदान में उतारा गया है।

अन्य प्रमुख चेहरे : भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी और तरनतारन से हरमीत सिंह संधू को पहली सूची में जगह दी गई है।

FAQ (अक्सर पूछे जाने वाले सवाल)

प्रश्न: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अब तक कितने उम्मीदवारों की घोषणा की है?

उत्तर : आम आदमी पार्टी ने दो सूचियों के माध्यम से अब तक 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पहली सूची में 40 और दूसरी सूची में 31 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

प्रश्न : AAP की दूसरी सूची में किन दो सांसदों को विधानसभा का टिकट दिया गया है?

उत्तर : संगरूर के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से और होशियारपुर के सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव का टिकट दिया गया है।

प्रश्न : पंजाबी एक्ट्रेस सोनिया मान को किस सीट से उम्मीदवार बनाया गया है?

उत्तर : सोनिया मान को अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।