Jagdambika Pal And Vinay Verma Supporter Clash : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर जनपद में एक सरकारी समारोह के दौरान भारी हंगामा और मारपीट देखने को मिली। यहां डुमरियागंज से लोकसभा सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस विवाद की शुरुआत मंच से स्थानीय विधायक का नाम न पुकारे जाने को लेकर हुई, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?

आज बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को अपग्रेड कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बनाने के निर्माण कार्य का भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम रखा गया था। स्वास्थ्य विभाग की इस परियोजना की कुल लागत 19 करोड़ 66 लाख रुपए है। कार्यक्रम स्थल पर सांसद जगदंबिका पाल पहले ही पहुंच चुके थे। उस समय वहां मौजूद विधायक विनय वर्मा के समर्थक मंच से विकास पुरुष विनय वर्मा जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। इसी दौरान सांसद जगदंबिका पाल के समर्थक भी नारे लगाते हुए वहां पहुंचे और मंच का संचालन कर रहे उद्घोषक (एंकर) जुग्गी राम राही को रोकने का प्रयास करने लगे।

मंच पर चढ़कर मारपीट और कुर्ता फाड़ने का आरोप

विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी ने जब एंकर को रोकने का विरोध किया तो सांसद के साथ आए लोग भड़क गए। आरोप है कि वे लोग अचानक मंच पर चढ़ गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। पीड़ित प्रदीप कमलापुरी का कहना है कि जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक हमलावरों ने उन पर हाथ छोड़ दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं और उनका कुर्ता भी फट गया।

पुलिस की मौजूदगी में मिली जान से मारने की धमकी

प्रदीप कमलापुरी ने बताया कि जिस वक्त उनके साथ हाथापाई हो रही थी, उस समय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मूकदर्शक बने देखते रहे। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने उन्हें धमकी भी दी कि वे मंच से नीचे उतरे तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। प्रदीप ने कहा, मैं हमला करने वालों के नाम उजागर कर रहा हूं। वैसे, वे किस राजनीतिक दल से जुड़े हैं या किसके समर्थक हैं, यह जांच का विषय है। असल में कार्यक्रम के एंकर जुग्गी राम राही पर कुछ लोग इस बात का दबाव बना रहे थे कि वे मंच से विधायक विनय वर्मा का नाम न लें। मैंने इस बात पर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसा करना गलत है, क्योंकि इस विकास कार्य को धरातल पर लाने के लिए विधायक ने प्रयास किया है, इसलिए उनका नाम लिया जाना जरूरी है।

तुलसियापुर के लोगों पर लगाया अभद्रता का आरोप

कमलापुरी ने बताया कि एंकर जुग्गी राम राही ने खुद उन्हें इस दबाव के बारे में जानकारी दी थी। जब अनिल अग्रहरि नाम के व्यक्ति ने एंकर के साथ बदसलूकी की तो प्रदीप ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस बात से नाराज होकर वे लोग मंच पर चढ़ आए और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का दावा है कि मारपीट करने वाले सभी लोग तुलसियापुर के निवासी हैं और सांसद जगदम्बिका पाल के काफिले के साथ कार्यक्रम में आए थे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंच पर धक्का-मुक्की और मारपीट के बीच पुलिसकर्मियों को भीड़ को अलग कर हालात संभालते देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद कई लोग अपने मोबाइल में घटना को रिकॉर्ड करते दिखे।

विधायक के भाषण के दौरान भी हुई नोकझोंक

बताया जा रहा कि इस झड़प के बाद जब शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा मंच से जनता को संबोधित कर रहे थे, तब भी मंच के नीचे खड़े सांसद के समर्थकों और विधायक के बीच बहस होती रही। दोनों पक्षों के बीच जमकर तू-तू, मैं-मैं हुई और एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्दों के साथ-साथ दलाल जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया।