केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की महिला ब्रास बैंड ने 27वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे साल स्वर्ण पदक जीत लिया है। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीआईएसएफ की महिला टीम ने ब्रास बैंड श्रेणी के साथ महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप भी अपने नाम की। टीम को बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। इस जीत के साथ सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड ने वर्ष 2025 की अपनी सफलता दोहराई है। खास बात यह है कि 2024 में प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद से टीम ने लगातार तीनों संस्करणों में शीर्ष तीन स्थानों पर जगह बनाई है।

ब्रास बैंड श्रेणी में एसएसबी दूसरे और सीआरपीएफ तीसरे स्थान पर

महिला ब्रास बैंड श्रेणी में कुल तीन टीमों ने हिस्सा लिया था। इसमें सीआईएसएफ ने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। सशस्त्र सीमा बल (SSB) दूसरे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप के लिए आठ टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें भी सीआईएसएफ ने पहला स्थान हासिल किया। एसएसबी दूसरे और राजस्थान पुलिस तीसरे स्थान पर रही।

21 टीमों के 1,400 से अधिक बैंड कर्मियों ने लिया हिस्सा

पांच दिवसीय प्रतियोगिता में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों की कुल 21 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें 1,400 से अधिक बैंड कर्मियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस वर्ष के आयोजन की एक खास उपलब्धि महिला ब्यूगलर टीमों की पहली बार भागीदारी भी रही। पुरुष वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप सीआरपीएफ ने जीती।

2024 से लगातार बेहतर रहा प्रदर्शन

सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड ने वर्ष 2023 में अपनी स्थापना के बाद राष्ट्रीय स्तर पर लगातार पहचान बनाई है। प्रतियोगिता के पिछले तीन संस्करणों में टीम का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

  • 2024, असम राइफल्स, दीमापुर: दूसरा स्थान।
  • 2025, आरपीएफ, हैदराबाद: स्वर्ण पदक, बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप।
  • 2026, सीआरपीएफ, हैदराबाद: स्वर्ण पदक, बेस्ट कंडक्टर अवॉर्ड और ओवरऑल चैंपियनशिप।


इस तरह टीम ने लगातार दो वर्षों तक महिला ब्रास बैंड का स्वर्ण पदक और ओवरऑल चैंपियनशिप अपने पास बरकरार रखी है।

बिना संगीत अनुभव वाली महिला जवानों ने बनाई विजेता टीम

सीआईएसएफ महिला ब्रास बैंड की शुरुआत सितंबर 2023 में हुई थी। इसमें सामान्य ड्यूटी के तहत भर्ती महिला आरक्षकों को चुना गया था। इनमें कई ऐसी जवान थीं, जिन्हें पहले संगीत का कोई अनुभव नहीं था। सेवानिवृत्त मेजर नजीर हुसैन के मार्गदर्शन में इन महिला जवानों को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया गया। नियमित अभ्यास और मेहनत के जरिए टीम ने ब्रास बैंड की बारीकियां सीखीं और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाई।

गणतंत्र दिवस और बीटिंग रिट्रीट में भी कर चुकी है प्रदर्शन

सीआईएसएफ का महिला ब्रास बैंड कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों में बल का प्रतिनिधित्व कर चुका है। इनमें गणतंत्र दिवस परेड 2024 और 2026, बीटिंग रिट्रीट समारोह 2025 तथा सीआईएसएफ स्थापना दिवस परेड 2024, 2025 और 2026 शामिल हैं। टीम को वर्ष 2024 की गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने वाली पहली महिला ब्रास बैंड होने का गौरव भी हासिल है। 2025 में विजय चौक पर आयोजित बीटिंग रिट्रीट समारोह में भी इसने पहली महिला ब्रास बैंड के रूप में हिस्सा लिया था।

42 सदस्यीय टीम ने दिलाई जीत

इस वर्ष प्रतियोगिता में सीआईएसएफ की ओर से 42 सदस्यीय दल ने हिस्सा लिया। इसमें एक टीम मैनेजर, एक टीम कैप्टन, 36 महिला संगीतकार और पांच प्रशिक्षक शामिल थे। असिस्टेंट कमांडेंट नरेश कुमार ने टीम मैनेजर की जिम्मेदारी संभाली, जबकि महिला आरक्षक (जीडी) लिडिया चिंगबियाकसियाम टीम की कप्तान रहीं। सीआईएसएफ के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने इस उपलब्धि पर महिला जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में शुरू किया गया महिला ब्रास बैंड सही अवसर, समर्पित प्रशिक्षण और दृढ़ संकल्प से हासिल की गई सफलता का उदाहरण है। उनके मुताबिक, लगातार राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतना महिला कर्मियों की मेहनत और बल में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों को दर्शाता है।