SP Singh Patel Controversial Statement : उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल की एक टिप्पणी ने बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में प्रतापगढ़ से सपा सांसद लोगों को कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों को बंद करने की सलाह देते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके इस बयान के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए सीधे सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
क्या है पूरा विवाद और वायरल वीडियो का सच?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंटरनेट पर प्रसारित यह वीडियो कुछ दिन पुराना है। इसे प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा। इस क्लिप में सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल वहां मौजूद लोगों से संवाद करते नजर आ रहे हैं। बातचीत में वह कहते हैं कि लोग बाजार से मां दुर्गा की मूर्ति खरीदकर लाते हैं, नौ दिनों तक विधि-विधान से उनकी आराधना करते हैं और फिर एक हफ्ते बाद उन्हें गंदे नालों में विसर्जित कर देते हैं। सांसद ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे कृत्य से देवी प्रसन्न होकर आशीर्वाद देंगी या फिर श्राप देंगी। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को पाखंड करार देते हुए इसे बंद करने की वकालत की।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी की टिप्पणी
सांसद एसपी सिंह पटेल यहीं नहीं रुके, उन्होंने कांवड़ यात्रा की सार्थकता पर भी प्रश्न चिह्न लगाया। वीडियो में वह यह कहते सुने जा रहे हैं कि कांवड़ यात्रा पर रोक लगनी चाहिए। उनका तर्क है कि जब हर गांव में शिव मंदिर मौजूद है तो वहीं जाकर भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित करके उनका आशीर्वाद लिया जा सकता है। उन्होंने 50-50 किलोमीटर पैदल चलकर जल लाने की परंपरा को व्यर्थ बताते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को केवल पैरों में छाले ही मिलते हैं।
बीजेपी ने अखिलेश यादव को घेरा, 1990 की घटना की दिलाई याद
सपा सांसद का यह बयान वायरल होते ही भाजपा आक्रामक हो गई है। बीजेपी प्रवक्ता प्रियंक पांडे ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लिया है। प्रियंक पांडे ने कहा कि एक तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की बातें करते हैं तो वहीं दूसरी ओर उनकी पार्टी के सांसद सनातन धर्म की परंपराओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने 1990 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने अखिलेश यादव से सीधा सवाल पूछा कि क्या वह अपने सांसद के इन विचारों से इत्तेफाक रखते हैं और क्या उनकी पार्टी हिंदू पर्वों के विरोध में है। प्रियंक पांडे ने मांग की है कि सपा प्रमुख को इस पूरे मामले पर जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
कौन हैं सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल?
डॉ. एसपी सिंह पटेल समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की प्रतापगढ़ संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। साल 2024 के आम चुनाव में उन्होंने सपा के सिंबल पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की थी। लोकसभा पहुंचने से पहले भी वह उत्तर प्रदेश की सक्रिय राजनीति में लंबे समय से जुड़े रहे हैं। वह दो बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) निर्वाचित हो चुके हैं। उनका पहला कार्यकाल 5 मई 2002 से 4 मई 2008 तक रहा, जिसके बाद 5 मई 2008 से 4 मई 2014 तक उन्होंने दूसरी बार विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दीं।