Akhilesh Yadav Gorakhpur Road Show: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज यानी 18 नवंबर 2026 को गोरखपुर में शक्ति प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला। दोपहर 12.30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचने के बाद उन्होंने 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया और फिर जनसभा को संबोधित किया। सभा में अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर की जनता का उत्साह बता रहा कि आज ही मतदान हो जाए तो काशी जैसा परिणाम (डबल जीरो) यहां भी देखने को मिलेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गोरखपुर आकर उन्हें यूरोप की यात्रा जैसा अनुभव हो रहा, क्योंकि यहां भाजपा के अधूरे वादों वाला स्पेन भी नजर आता है और जलभराव वाला वेनिस भी।
स्वास्थ्य सेवाएं और मुफ्त इलाज का वादा
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में 500 निजी अस्पताल तो खुल गए, लेकिन सरकारी मेडिकल कॉलेजों और एम्स में मरीजों को सही इलाज नहीं मिल रहा। पिछले 10 वर्षों से नर्सिंग स्टाफ का वेतन नहीं बढ़ाया गया, जबकि सपा शासन में इसे तत्काल बढ़ाया गया था। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सपा की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं दी जाएंगी और गरीबों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज एवं दवाइयां मिलेंगी। उन्होंने नेताजी (मुलायम सिंह यादव) द्वारा सैफई मेडिकल कॉलेज और लखनऊ के लोहिया अस्पताल में शुरू की गई मुफ्त इलाज व्यवस्था का जिक्र किया।
विरासत, संत परंपरा और राजनीतिक समीकरणों पर कटाक्ष
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि विरासत में गद्दी तो मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं मिल सकती। मठ तथा उत्तराधिकारी के मुद्दे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग आज विरासत की बात कर रहे, उनके पास मठ में आने से पहले तीन बसें और एक ट्रक था। उन्होंने पूछा कि जिस पीठ से हजारों साधु-संत जुड़े रहे, वहां उन्हें अवसर न देकर चार साल में ही बाहर से आए व्यक्ति को उत्तराधिकारी किस योग्यता पर बना दिया गया। उस समय के सम्मानित परिवार के लोगों की कृपा न होती तो उन्हें न गद्दी मिलती और न सीट। भाजपा के संगठनात्मक फैसलों पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को पांच और सात की गिनती भी नहीं आती, तभी तो 7 बार के सांसद को प्रदेश अध्यक्ष और 5 बार के विधायक को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया। उन्होंने गोरखपुर की राजनीति में उल्टी गिनती शुरू होने का दावा करते हुए 'खिचड़ी' वाली घटना का भी जिक्र किया और कहा कि अलग खिचड़ी पकाने वालों को संदेश दिया गया था कि ऐसा करने पर प्लेट भी नहीं बचेगी। उन्होंने साथ आए अजय कुमार सिंह टप्पू का जिक्र करते हुए कहा कि फ्लाईओवर के कारण जनता को हो रही परेशानी को देखते हुए सपा सरकार बनने पर लोगों की सुविधा के अनुसार फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
किसान, खाद संकट और E-20 पेट्रोल पर उठाए सवाल
महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जिस अनुपात में महंगाई बढ़ी है, उस हिसाब से किसानों को सरकारी मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने खाद की किल्लत और डीएपी की बोरियों में कटौती का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि सरकार डीएपी का नाम इसलिए नहीं लेती क्योंकि उसमें 'पीडीए' के अक्षर छिपे हैं। पशुपालन और ग्रामीण पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भैंस या गाय चराना कोई बुरी बात नहीं है, क्योंकि बिना दूध के अच्छी चाय भी नहीं बन सकती। ईंधन की कीमतों पर बोलते हुए उन्होंने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पेट्रोल सस्ता करने के बजाय सरकार उसमें एथेनॉल मिला रही और इसे न मिलाया जाए तो पेट्रोल इतना महंगा हो जाएगा कि कोई बाइक नहीं चला पाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री की तकनीकी समझ पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से मोटरसाइकिलें खराब हो जाएंगी।
शिक्षा, कानून व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे
विकास के मॉडल पर सवाल खड़े करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने प्रदेश में 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए और 27 हजार शराब के ठेके खुलवा दिए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में लखनऊ जैसी मेट्रो चलाने का वादा किया गया था, लेकिन हर बरसात में यहां के लोग मेट्रो की जगह नाव में चलने को मजबूर हैं। कानून व्यवस्था के मोर्चे पर उन्होंने गोरखपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए और एक ब्राह्मण परिवार के साथ हुए कथित अपमान व जूता चटवाने की घटना का उल्लेख करते हुए इसे सबसे बड़ा अन्याय बताया। उन्होंने 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का मुद्दा उठाया और कहा कि हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट से न्याय मिलने के बावजूद सरकार ने अभ्यर्थियों की बात नहीं मानी, जिसे पीडीए की सरकार आने पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में सबसे ज्यादा पेपर उत्तर प्रदेश में लीक हुए हैं और यह जानबूझकर कराए गए हैं ताकि युवाओं का भविष्य खराब हो सके।
'सरकार पूरी तरह डर गई है, इसलिए इंटरनेट बंद कराया गया'
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के बीच और अंत में इंटरनेट सेवा बाधित होने का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर सीधा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो देश विश्वगुरु बनने का दावा कर रहा, वहां नेताओं के भाषण और हिसाब-किताब शुरू होते इंटरनेट काट दिया जाता है। सरकार पूरी तरह डर गई है, इसलिए इंटरनेट बंद कराया गया है।