Rahul Gandhi News : कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज यानी 13 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप कराने का गंभीर आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आयोजित एक आस्क मी (Ask Me) इंटरैक्टिव सेशन के दौरान अपना मोबाइल दिखाते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि विदेशी फंडिंग से जुड़े तमाम सबूत उनके इस फोन में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री को इस बात की पूरी जानकारी है कि वह उनका फोन टैप करवा रहे। इस दौरान राहुल गांधी ने फिर पीएम मोदी को सीधी बहस की चुनौती दी और दावा किया कि उनके साथ आमने-सामने की बातचीत होने के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के पद पर नहीं रह पाएंगे। गौरतलब है कि बीते 12 दिनों में यह सातवां मौका है, जब राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस के लिए ललकारा है।

इंस्टाग्राम सेशन में यूजरों के सवाल और राहुल गांधी के जवाब

विदेशी ताकतों के इशारे और सबूतों पर सवाल : एक यूजर ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि आपको विदेश से मदद मिल रही, जबकि आपका आरोप है कि मोदी विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे, ऐसे में दोनों दावों के सबूत कहां हैं। इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया कि आरोपों के पुख्ता सबूत उनके फोन में ही हैं। एक बार वन-ऑन-वन डिबेट होने से यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा। देश विरोधी कौन है और कब से इन गतिविधियों में लिप्त है। राहुल ने यह भी जोड़ा कि उनके फोन में कई अन्य संवेदनशील जानकारियां भी मौजूद हैं, जिनके बारे में उन्हें पता है।

संसद के बजाय पब्लिक डिबेट की जिद क्यों : दूसरे यूजर ने पूछा कि जब भाजपा कह रही कि बहस संसद में होनी चाहिए तो वे सार्वजनिक बहस पर क्यों अड़े हैं। इसके जवाब में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में कई बार अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन हर बार उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उनके मुताबिक उन्हें किसान कानून, वोट चोरी, सावरकर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एप्स्टीन से जुड़े गंभीर मामलों पर सदन में बोलने नहीं दिया गया। राहुल ने बताया कि वे संसद में होने वाली औपचारिक भाषणबाजी के बजाय पीएम मोदी के साथ आमने-सामने की सीधी बहस चाहते हैं, जहां एक मेज के एक तरफ नरेंद्र मोदी हों और दूसरी तरफ वे खुद। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बहस में अडाणी और मोहन भागवत को जज बनाना चाहती है तो उन्हें इस पर भी आपत्ति नहीं है। उन्होंने फिर गारंटी देते हुए कहा कि इस सीधी बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।

दिल्ली के प्रदूषण और AQI का मुद्दा : एक यूजर के यह पूछने पर कि उन्हें पीएम मोदी के साथ और किन मुद्दों पर चर्चा करनी चाहिए, राहुल गांधी ने दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण और वन-टू-वन बहस की चुनौती का जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि मोदी दिल्ली के खराब AQI या बहस के न्योते में से किसे ज्यादा नजरअंदाज करेंगे। राहुल ने तंज कसते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री बहस के लिए सामने आते हैं तो उन्हें अपने एयर चैंबर से बाहर निकलकर आम जनता की तरह हवा में सांस लेनी पड़ेगी, जिससे उन्हें इन दोनों अहम मुद्दों पर बात करने का अवसर मिलेगा।

भाजपा का पलटवार : संसद में बहस से भागने का लगाया आरोप

दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की इस चुनौती को खारिज कर उन पर ही संसद में चर्चा से बचने का आरोप लगाया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक तरफ राहुल गांधी प्रधानमंत्री से बहस के लिए अपनी पसंद की जगह चुनने को कह रहे, जबकि लोकतंत्र में बहस के लिए संसद के रूप में पहले से एक संवैधानिक मंच मौजूद है। वित्त मंत्री ने राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को समझते हुए थोड़ी गंभीरता और जिम्मेदारी दिखाने का आह्वान किया।