दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। आरोपी ने रकम नहीं मिलने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल की हत्या करने की धमकी दी। इस मामले में पंजाब के मोहाली में साइबर क्राइम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को आया धमकी भरा फोन

शिकायत के मुताबिक, दिल्ली के तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह को उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक फोन कॉल आया था। इसके साथ ही उन्हें व्हाट्सएप पर भी धमकी भरा संदेश भेजा गया। आरोपी का प्रोफाइल नाम 'H' दिखाई दे रहा था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और विधायक से कहा कि वह केजरीवाल तक सात करोड़ रुपये की मांग पहुंचा दें। आरोपी ने चेतावनी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा। विधायक ने 6 नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पास इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।

BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज

शिकायत की शुरुआती जांच के बाद मोहाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच कर रही पुलिस

विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), IP लॉग और लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने धमकी देने वाले व्यक्ति के साथ जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने का भी आग्रह किया है। इसके अलावा विधायक ने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल धमकी भरे कॉल और व्हाट्सएप संदेश के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अभी तक आरोपी की पहचान और गैंग से उसके वास्तविक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।