असम में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। कोलकाता से मिजोरम के सैरंग जा रही कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के छह डिब्बे डिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। हादसा सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के वरिष्ठ अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
लोकोमोटिव और पांच कोच पटरी से उतरे
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट गति पर नियंत्रण नहीं रख सका और इंजन के साथ पांच कोच पटरी से उतर गए। इस तरह कुल छह हिस्से हादसे की चपेट में आए। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि घटना के बाद राहत और बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था
रेलवे की शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्टों में कई यात्रियों के घायल होने की बात कही गई है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। रेलवे की टीमें मौके पर हालात का जायजा ले रही हैं और प्रभावित रेलखंड पर परिचालन बहाल करने का प्रयास जारी है।
कोलकाता से मिजोरम जा रही थी ट्रेन
कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस पश्चिम बंगाल के कोलकाता से मिजोरम की राजधानी आइजोल के पास स्थित सैरंग तक चलती है। हादसा गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित डिगारू स्टेशन के पास हुआ। दुर्घटना के कारणों और रेल परिचालन पर पड़े असर की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।