Azam Khan News : समाजवादी पार्टी (SP) के कद्दावर नेता आजम खान कल शाम यानी 18 नवंबर 2026 को जेल से रिहा हो चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी उनकी अंतरिम जमानत को मंजूरी मिल गई है। वैसे, सियासी गलियारों में सबसे बड़ा सवाल गूंज रहा कि क्या आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम चुनाव लड़ने के पात्र हैं या नहीं। यह चर्चा भी तेज है कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में आजम खान के कुनबे से चुनावी रण में कौन उतरेगा-बड़े बेटे अदीब, मुंहबोली बेटी एकता कौशिक या पत्नी तजीन फातिमा।
पत्नी तजीन फातिमा लड़ सकती हैं चुनाव
कुछ हफ्तों में आजम खान के परिवार से जुड़े मामलों में आए अदालती फैसलों के बाद यह तस्वीर साफ होती दिख रही कि तजीन फातिमा इस दौड़ में सबसे आगे हैं। इसकी बड़ी वजह उनका लंबा सियासी अनुभव है। वह विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने साल 2019 के उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को मात दे चुकी हैं। आजम के बड़े बेटे अदीब और मुंहबोली बेटी एकता कौशिक ने अब तक राजनीति में कदम नहीं रखा है। न उनके जल्द राजनीति में आने के कोई संकेत दिख रहे।
आजम खान की चुनावी राह में कितनी बड़ी कानूनी मुश्किलें?
आजम खान को अलग-अलग मुकदमों में मिली सजाएं उनके चुनाव लड़ने की राह में बड़ा रोड़ा बन सकती हैं। छजलैट मामले में उन्हें दो साल की सजा हुई थी। शहजादनगर में भड़काऊ भाषण के केस में उन्हें दो साल की कैद और जुर्माने की सजा मिली। दो जन्म प्रमाण-पत्र मामले में उन्हें 7 साल की सजा सुनाई गई थी, मगर सुप्रीम कोर्ट ने इस केस में उनकी दोष सिद्धि पर रोक लगा दी है। इसके विपरीत डूंगरपुर के एक मामले में 7 साल और दूसरे मामले में 10 साल की कैद के साथ 14 लाख रुपए जुर्माने की सजा हुई है। 2 पैन कार्ड वाले केस में 7 साल की सजा को बाद में बढ़ाकर 10 साल कर दिया गया। वहीं, जिलाधिकारी को तनखैया कहने के मामले में भी उन्हें 2 साल जेल की सजा मिल चुकी है।
अब्दुल्ला आजम के सामने क्या कानूनी अड़चनें?
अब्दुल्ला आजम की सियासी जमीन भी कानूनी पेंचों में फंसी नजर आती है। छजलैट मामले में 2 साल की सजा होने के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता चली गई थी। दो जन्म प्रमाण-पत्र केस में उन्हें 7 साल की सजा हुई थी। मगर, सुप्रीम कोर्ट से उनकी दोष सिद्धि पर रोक मिल चुकी है। दूसरी तरफ 2 पैन कार्ड मामले में मिली 7 साल की सजा पर हाईकोर्ट ने सजा को तो रोका है, लेकिन दोष सिद्धि पर रोक नहीं लगाई है। इस वजह से उनके चुनाव लड़ने को लेकर कानूनी अड़चनें कायम हैं।
क्या तजीन फातिमा संभालेंगी 2027 में सियासी विरासत?
आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा के चुनावी राजनीति में लौटने के आसार काफी मजबूत हैं। दो जन्म प्रमाण-पत्र मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दोष सिद्धि पर रोक लगा दी है। वह रामपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं और 2019 के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता को 7776 मतों से हराया था। ऐसे में आजम खान और अब्दुल्ला आजम के सामने कानूनी बाधाएं बनी रहती हैं तो 2027 की सियासत में तजीन फातिमा की भूमिका रामपुर में बेहद अहम साबित हो सकती है।