Bangladesh Violence News : पड़ोसी देश बांग्लादेश फिर राजनीतिक हिंसा और आगजनी की चपेट में आ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग द्वारा बुलाए गए देशव्यापी बंद के दौरान पूरे मुल्क में हालात बेकाबू हो गए हैं। राजधानी ढाका में सुबह होने से पहले ही कई जगहों पर देसी बमों से धमाके किए गए। देश के अलग-अलग हिस्सों में तोड़फोड़, आगजनी और हमलों का दौर जारी है। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख रहे मोहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पुश्तैनी मकान को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा देश के कई हिस्सों में मौजूद उनके ग्रामीण बैंक की शाखाओं में भी आग लगाई गई है। दूसरी ओर ढाका में अवामी लीग के दो नेताओं के घरों को भी निशाना बनाया गया है। इन हमलों के पीछे मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यकर्ताओं की भूमिका होने का संदेह जताया जा रहा है।

24 घंटे में 565 गिरफ्तार, पूर्व शिक्षा मंत्री हिरासत में

अवामी लीग के देशव्यापी लॉकडाउन के ऐलान के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। पुलिस ने ढाका में महज 24 घंटे के भीतर 565 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में शेख हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। पुलिस ने उन्हें बुधवार रात को ढाका स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। बता दें, अवामी लीग ने यह बंद उस विशेष ट्रिब्यूनल के फैसले की बरसी पर बुलाया था, जिसमें पिछले साल शेख हसीना को उनकी गैरहाजिरी में फांसी की सजा सुनाई गई थी। हसीना पर जुलाई 2024 के छात्र आंदोलन को कुचलने के दौरान मानवता के खिलाफ अपराध करने के आरोप तय हुए थे।

पुराने राजनीतिक टकराव से जुड़ रहे हमले के तार

मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को किसने और किस मकसद से फूंका, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वैसे, जानकार इसे यूनुस और अवामी लीग के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश का नतीजा मान रहे हैं। अगस्त 2024 में हसीना सरकार के पतन के बाद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उनके शासनकाल में अवामी लीग को बैन कर दिया गया था और हजारों कार्यकर्ताओं को जेल में डाला गया था। उसी दौर में भीड़ ने बांग्लादेश के संस्थापक और हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान के ढाका स्थित घर को आग लगाकर ध्वस्त कर दिया था। 1971 के मुक्ति संग्राम से जुड़े कई ऐतिहासिक स्मारकों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

28 जिलों में धमाके, राजधानी छावनी में तब्दील

बीते दो दिनों के भीतर बांग्लादेश के 28 जिलों में देसी बम फटने और वाहनों को जलाने की घटनाएं सामने आई हैं। मीडिया खबरों के अनुसार कम-से-कम दो BNP दफ्तरों और पार्टी के एक नेता के घर में आग लगाई गई है। इसके जवाब में अवामी लीग के भी दो कार्यालयों और नेताओं की पांच संपत्तियों को फूंक दिया गया। बिगड़ते हालात को देखते हुए ढाका पुलिस ने सुरक्षा घेरा बेहद कड़ा कर दिया है। शहर के बड़े फ्लाईओवरों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात है और हर आने-जाने वाले रास्ते पर गाड़ियों की सघन तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध बाइक सवारों और कार चालकों को रोककर पूछताछ की जा रही है।

PM तारिक रहमान ने अवामी लीग को बताया आतंकी संगठन

बढ़ते बवाल के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बुधवार रात सभी राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक ताकतों से एक मंच पर आने की अपील की। उन्होंने अवामी लीग को एक आतंकी संगठन और सत्ता से बेदखल की गई फासीवादी ताकत करार दिया। संसद को संबोधित करते हुए तारिक ने कहा कि जिस तरह 2024 में इन ताकतों को हराया गया था, उसी तरह फिर एकजुट होकर इन्हें निर्णायक शिकस्त देनी होगी। उन्होंने BNP सांसदों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लौटें और कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर सक्रिय रहें।

शेख हसीना की वापसी के ऐलान ने बढ़ाई सरगर्मी

गौरतलब है कि 5 अगस्त 2024 को हुए छात्र विद्रोह के बाद शेख हसीना की सत्ता चली गई थी और उन्होंने भारत में शरण ली थी। इसके बाद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया था। भारत में रह रहीं हसीना ने जुलाई 2026 में यह इच्छा जाहिर की थी कि वे दिसंबर में स्वदेश लौटकर अदालती कार्यवाही का सामना करेंगी। इस महीने उन्होंने फिर से दोहराया कि वे हर कीमत पर दिसंबर में बांग्लादेश वापस आएंगी। उनके इसी बयान के बाद से देश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है।

हसीना के गृहनगर से भड़की थी चिंगारी

मौजूदा हिंसा की शुरुआत सबसे पहले शेख हसीना के गृहनगर तुंगीपारा से हुई थी। मंगलवार को अवामी लीग का समर्थक होने के संदेह में पुलिस ने कई युवाओं को पकड़ा था। इसके विरोध में सैकड़ों लोगों की भीड़ ने स्थानीय थाने का घेराव कर लिया। एक पत्रकार ने बताया कि उस वक्त थाने में 30 संदिग्ध कार्यकर्ता हिरासत में बंद थे। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने उपद्रवियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि हिंसा फैलाने वालों की पहचान कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को पकड़ने के लिए ऑडियो और वीडियो सबूतों की मदद ली जा रही।