Goldy Brar In FBI Ten Most Wanted : गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई गुना बढ़ गई हैं। अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने उसे अपने 10 सबसे खतरनाक और वांछित भगोड़ों की सूची में जगह दी है। अमेरिकी जांच एजेंसी का मानना है कि गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध सिंडिकेट (ओसीजी) की कमान संभाल रहा है। इस पूरे नेटवर्क पर अमेरिका और कनाडा की धरती पर कई संगीन और हिंसक वारदातों को अंजाम देने का आरोप है।
हत्या, फिरौती और तस्करी जैसे गंभीर आरोप
एफबीआई की तरफ से साझा की गई जानकारी के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई के इस आपराधिक नेटवर्क पर बड़े राजनीतिक और धार्मिक चेहरों की हत्या, सरेआम गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली और जानलेवा हमलों में शामिल होने के आरोप हैं। यह सिंडिकेट ड्रग्स, अवैध हथियारों और मानव तस्करी जैसे काले धंधों से भी जुड़ा हुआ बताया जा रहा। अमेरिकी एजेंसी ने बराड़ को इस पूरे नेटवर्क का कथित उत्तरी अमेरिकी मुखिया करार दिया है, जिसका जाल अमेरिका से कनाडा तक है। वैसे, एफबीआई ने अपनी आधिकारिक रिपोर्ट में उस पर लगे इल्जामों को फिलहाल कथित अपराधों की श्रेणी में ही रखा है। भारत में भी कई बड़ी आपराधिक फाइलों में उसका नाम दर्ज है, लेकिन अब अमेरिकी एजेंसी के रडार पर आने के बाद उसकी गिरफ्तारी को लेकर हलचल तेज हो गई है।
कनाडा की मोस्ट वांटेड सूची में पहले पायदान पर, 1.5 करोड़ का इनाम
अमेरिका के अलावा कनाडा में भी 32 वर्षीय गोल्डी बराड़ कानून के शिकंजे में है। 2023 में कनाडा के विन्निपेग शहर में विरोधी गुट के एक कथित सदस्य की हत्या के बाद वहां की पुलिस ने उसे अपने सर्वाधिक वांछित अपराधियों की लिस्ट में डाल दिया था। कनाडाई मीडिया के अनुसार देश के टॉप-25 वांछित भगोड़ों की सूची में बराड़ पहले नंबर पर है। पुलिस सेवाओं के साथ मिलकर काम करने वाली गैर-लाभकारी जन सुरक्षा संस्था बीओएलओ प्रोग्राम ने भी बृहस्पतिवार को जारी अपनी नई लिस्ट में उसे शीर्ष पर रखा है। सीबीसी न्यूज के मुताबिक हत्या और कत्ल की साजिश रचने के मामलों में वांछित बराड़ का सुराग देने वाले को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर (भारतीय मुद्रा में डेढ़ करोड़ रुपए) का इनाम देने का ऐलान किया गया है। यह इनाम अमेरिका या कनाडा कहीं भी उसकी गिरफ्तारी कराने वाली पुख्ता सूचना पर दिया जाएगा।
सुखा दुनेके और निज्जर हत्याकांड में तलाश
विन्निपेग पुलिस मुख्य रूप से 39 साल के सुखदूल सिंह गिल उर्फ सुखा दुनेके के मर्डर केस में गोल्डी बराड़ को ढूंढ रही। 20 सितंबर 2023 को विन्निपेग के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र स्थित हेजलटन ड्राइव के एक घर में गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस को सुखा दुनेके की लाश मिली थी। बताया जाता है कि भारत में विरोधी गैंग्स से सुखा की रंजिश थी और उस पर उगाही करके भारत में अपने साथियों को रकम भेजने के आरोप थे। इसके अलावा कनाडा पुलिस दो कत्ल के मामलों में भी बराड़ की भूमिका खंगाल रही, जिनमें 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया के भीतर खालिस्तान समर्थक अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का हाई-प्रोफाइल केस भी शामिल है।
पढ़ाई के बहाने गया था कनाडा, बन गया अंतरराष्ट्रीय गैंगस्टर
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले से ताल्लुक रखने वाला गोल्डी बराड़ 2017 में स्टूडेंट वीजा लेकर भारत से कनाडा पहुंचा था। वहां वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे भरोसेमंद मोहरा बन गया। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि वह बराड़-रोहित गोदारा-काला जठेड़ी सिंडिकेट का भी सक्रिय हिस्सा है। भारत से चलाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों के खिलाफ कई साल तक चली संघीय स्तर की जांच ऑपरेशन हार्डबॉल में जिन मुख्य भगोड़ों की पहचान हुई थी, उनमें गोल्डी बराड़ का नाम प्रमुखता से सामने आया था।