अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के बीच अब बैंकिंग सेवाओं पर भी असर पड़ा है। सोमवार को देश के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों ने ऑनलाइन बैंकिंग, अकाउंट लॉगिन और पैसों के लेनदेन में परेशानी की शिकायत की। प्रभावित संस्थानों में JPMorgan Chase, Bank of America, Wells Fargo और US Bank जैसे बड़े नाम शामिल हैं। सबसे ज्यादा असर JPMorgan Chase के ग्राहकों पर देखा गया। Downdetector पर बड़ी संख्या में यूजर्स ने बैंकिंग सेवाओं में बाधा आने की शिकायतें दर्ज कराईं। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण भी कामकाज प्रभावित हुआ था।

JPMorgan Chase पर सबसे ज्यादा असर

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह अमेरिकी समयानुसार करीब 9 बजे (भारत में शाम 7:30 बजे) से यूजर्स ने सेवाओं में आ रही दिक्कतों की शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दीं। इस दौरान JPMorgan Chase को लेकर Downdetector पर दर्ज शिकायतों का आंकड़ा बढ़कर एक समय 4,829 तक पहुंच गया। करीब आधे यूजर्स ने खाते का बैलेंस और हाल के ट्रांजेक्शन नहीं दिखने की समस्या बताई। अन्य ग्राहकों को वेबसाइट पर लॉगिन करने और पैसे ट्रांसफर करने में दिक्कत हुई।Bank of America के लिए भी शिकायतें 2,000 से अधिक तक पहुंच गईं। वहीं, US Bank के लिए 650 से ज्यादा और Wells Fargo के लिए करीब 380 रिपोर्ट दर्ज की गईं। Capital One और डिजिटल पेमेंट नेटवर्क Zelle के ग्राहकों ने भी कुछ समस्याओं की जानकारी दी।

सॉफ्टवेयर बग से बिगड़ी व्यवस्था, साइबर हमले से इनकार

JPMorgan Chase ने बैंकिंग सेवाओं में आई रुकावट के पीछे तकनीकी खराबी को जिम्मेदार बताया। बैंक के प्रवक्ता के मुताबिक, उसके अपने परिसर में मौजूद हार्डवेयर सिस्टम से जुड़ा एक सॉफ्टवेयर बग कुछ लेनदेन की प्रक्रिया को धीमा कर रहा था। बैंक ने साफ किया कि इस गड़बड़ी का साइबर हमले से कोई संबंध होने के संकेत नहीं मिले हैं। साथ ही ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि वे अपने खातों और पैसों तक पहुंच बनाए रख सकते हैं। कुछ ट्रांजेक्शन सामान्य से ज्यादा समय ले रहे थे। JPMorgan ने यह भी कहा कि दूसरे बैंकों के ग्राहकों को तब परेशानी हो सकती है, जब उनका लेनदेन उसके सिस्टम से जुड़ा हो। बाद में बैंक ने जानकारी दी कि तकनीकी समस्या दूर कर दी गई है और ट्रांजेक्शन सामान्य रूप से प्रोसेस हो रहे हैं।

Zelle नेटवर्क में भी देरी की शिकायत

Zelle के जरिए बैंक खातों के बीच तुरंत पैसे भेजे और प्राप्त किए जाते हैं। कुछ ग्राहकों ने इस सेवा के इस्तेमाल में भी देरी की शिकायत की। Zelle ने स्पष्ट किया कि उसका अपना पेमेंट नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा था। उसके मुताबिक, संबंधित बैंकों के सिस्टम में आई परेशानी के कारण कुछ भुगतान प्रभावित हो सकते थे। US Bank ने भी कहा कि उसके अपने सिस्टम सीधे तौर पर प्रभावित नहीं हुए, लेकिन दूसरे वित्तीय संस्थानों के साथ Zelle के जरिए पैसे भेजने या प्राप्त करने में कुछ ग्राहकों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।

फ्लाइट और माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं के बाद बैंकिंग पर असर

अमेरिका में एक सप्ताह के भीतर तकनीकी गड़बड़ियों की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी से Outlook, Teams और Copilot जैसे प्लेटफॉर्म प्रभावित हुए थे। वहीं, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई संचार संबंधी समस्या के कारण उड़ानों का संचालन भी बाधित हुआ था। फिलहाल बैंकिंग सेवाओं में आई गड़बड़ी और इन पिछली घटनाओं के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों और संबंधित कंपनियों की ओर से भी ऐसी किसी साझा वजह का संकेत नहीं दिया गया है।