Optimizely Malware News : डिजिटल दुनिया में बड़ा साइबर खतरा सामने आया है। दुनिया भर की 178 से ज्यादा नामी वेबसाइट्स पर साइबर हमलावरों ने सेंध लगाने की कोशिश की है। इस लिस्ट में वीडियो कॉलिंग प्लेटफॉर्म Zoom, दिग्गज बैंक HSBC, न्यूज नेटवर्क CNN और फर्नीचर कंपनी IKEA जैसे बड़े नाम शामिल हैं। साइबर सिक्योरिटी फर्म के मुताबिक इस हमले का मुख्य मकसद यूजर के iPhone को हैक करना, क्रेडिट कार्ड की जानकारी चुराना और क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट साफ करना था।
कैसे हुआ यह साइबर हमला?
सिक्योरिटी रिसर्चर स्कॉट हेल्म की रिपोर्ट के अनुसार इस खतरनाक मैलवेयर की शुरुआत Optimizely नाम के एक वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म के जरिए हुई। हैकरों ने इस प्लेटफॉर्म की स्क्रिप्ट में गड़बड़ी कर दी, जिससे अलग-अलग सेक्टर की 178 वेबसाइट्स प्रभावित हुईं। जब भी कोई यूजर इन वेबसाइट्स पर विजिट करता था तो यह छिपा हुआ कोड सक्रिय हो जाता था।
हैकर क्या चुराने की कोशिश कर रहे थे?
साइबर सिक्योरिटी फर्म हडसनरॉक को ऐसे सबूत मिले हैं कि इन वेबसाइट्स के जरिए यूजर के डिवाइस में खतरनाक कोड भेजा गया। इस मैलवेयर के जरिए हैकर चार बड़े काम कर रहे थे।
क्रिप्टो चोरी: पेमेंट के समय यूजर के क्रिप्टो वॉलेट एड्रेस को बदलकर हैकर अपने वॉलेट का एड्रेस डाल रहे थे।
कार्ड की जानकारी: जब यूजर्स ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड नंबर डालते थे, तो यह कोड उसे चुरा लेता था।
निजी डेटा: यूजर्स की ब्राउजिंग कुकीज और स्क्रीनशॉट्स चोरी किए जा रहे थे।
iPhone हैकिंग: iOS डिवाइस में सेंध लगाने के लिए खास एक्सप्लॉइट कोड प्लांट किया जा रहा था।
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि कितने यूजर्स का डेटा वास्तव में चोरी हुआ है या इस कोड का इस्तेमाल कितने मामलों में सफल रहा।
कंपनियों का क्या कहना है?
मामला सामने आने के बाद टेक कंपनी Salesforce ने कहा कि वह Optimizely की स्क्रिप्ट में हुए अनधिकृत बदलावों की जांच कर रही है और किसी भी नुकसान से बचने के लिए इसे बंद कर दिया गया है। वहीं, क्रेडिट ब्यूरो कंपनी Equifax ने भी इस मामले की जांच की और तुरंत Optimizely का इस्तेमाल रोक दिया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उनके सिस्टम में किसी तरह की सेंधमारी के सबूत नहीं मिले हैं। दूसरी तरफ Optimizely, Apple, Zoom, HSBC, CNN और IKEA की ओर से इस पूरे विवाद पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सप्लाई चेन अटैक क्या है और यह इतना खतरनाक क्यों होता है?
साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ इसे सप्लाई चेन अटैक मानते हैं। इसमें हैकर सीधे किसी बड़ी कंपनी के मजबूत सुरक्षा घेरे को तोड़ने के बजाय, उस थर्ड-पार्टी टूल या सॉफ्टवेयर को निशाना बनाते हैं जिसका इस्तेमाल वे कंपनियां करती हैं। चूंकि लाखों लोग इन वेबसाइट्स पर भरोसा करते हैं, इसलिए थर्ड-पार्टी स्क्रिप्ट में की गई एक छोटी सी छेड़छाड़ करोड़ों यूजरों को एक साथ खतरे में डाल सकती है।