UP Assembly Elections 2027 : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम मंदिर आंदोलन के जरिए कभी दो सीटों से सत्ता के शिखर तक पहुंचने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति बदल ली है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने इस बार मथुरा से हिंदुत्व की नई धार निकालने की तैयारी की है। इसके तहत भाजपा ने अपना नया चुनावी नारा 'राधे राधे कमल खिला दे' तय किया है। इस नारे के साथ-साथ पार्टी राज्य में सांस्कृतिक पहचान, बेहतर कानून व्यवस्था, विकास और मजबूत बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।

अखिलेश के कोर वोट बैंक में सेंध लगाने की तैयारी

सियासी जानकारों का मानना है कि भाजपा का यह दांव सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को घेरने के लिए है। दरअसल, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर राम मंदिर में दर्शन करने की घोषणा कर चुके हैं। इसके अलावा वे अक्सर यदुवंश का हवाला देकर भाजपा की हिंदुत्व राजनीति की काट निकालने की कोशिश करते रहे हैं। अब भाजपा ने राधा और कृष्ण के नाम का सहारा लेकर अखिलेश यादव के ही कोर वोट बैंक और वैचारिक पिच पर उन्हें चुनौती देने का मन बनाया है। इस कदम के जरिए भाजपा उन पर कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन को लेकर भी दबाव बनाती नजर आ सकती है।

कार्यकर्ताओं में भरा जोश

सूत्रों के अनुसार आज एक अहम चिंतन बैठक में इस नए नारे के साथ जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में जोश भरने पर जोर दिया गया। बैठक में नेताओं ने स्वीकार किया कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं, इसलिए चुनाव से पहले उनकी नाराजगी और उदासीनता को दूर करना बेहद जरूरी है। कुछ नेताओं ने संगठन के भीतर पनप रहे असंतोष पर चिंता भी जताई। इस दौरान संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने स्पष्ट संदेश दिया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बावजूद उत्तर प्रदेश में पार्टी का मुख्य एजेंडा अभी अधूरा है और कई बड़े मुद्दों पर काम होना बाकी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया टास्क

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता को मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल की याद भी दिलाएं। इसके लिए पार्टी जंगल राज बनाम सुशासन नाम से एक विशेष अभियान चलाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली रवाना हो गए। वे दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश सदन त्रिवेणी पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा कि देर शाम उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अहम मुलाकात होनी है, जिसमें यूपी की आगामी चुनावी रणनीति पर अंतिम मुहर लग सकती है।