छठ महापर्व के चलते दिल्ली से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। इसी कड़ी में बुधवार, 11 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 31 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनसे पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आनंद विहार टर्मिनल पर सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। इसके अलावा पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और शकूरबस्ती से भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। छठ पूजा के लिए घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। मंगलवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से कुल 27 विशेष ट्रेनें रवाना हुईं। इनमें आनंद विहार टर्मिनल से नौ, नई दिल्ली से छह, शकूरबस्ती से पांच, हजरत निजामुद्दीन से तीन, दिल्ली जंक्शन से तीन और रोहतक से एक ट्रेन शामिल थी।
जरूरत पड़ने पर चलाई जाएंगी अतिरिक्त ट्रेनें
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे कम समय के नोटिस पर भी अनारक्षित विशेष ट्रेनें चला रहा है। सोमवार को निर्धारित ट्रेनों के अतिरिक्त छह अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था भी की जाएगी।
चंडीगढ़ से बरौनी के लिए भी स्पेशल ट्रेन
ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल ने चंडीगढ़ और बरौनी के बीच आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 04538 चंडीगढ़-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर की रात 10 बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई। निर्धारित ठहरावों के तहत यह अंबाला छावनी, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, वाराणसी और छपरा होते हुए तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04537 बरौनी-चंडीगढ़ स्पेशल 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से रवाना होगी। छठ पर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त इंतजाम भी किए हैं।