Chinese Streamers Calling Bangladesh India : सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों बेहद चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा। वायरल क्लिप में कुछ चीनी स्ट्रीमर गलियों में घूम-घूमकर कबाड़, कचरा, गंदे नाले और झुग्गी-झोपड़ियों को कैमरे में कैद करते दिख रहे। इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि इस पर यह गंभीर दावा किया जा रहा है कि चीनी स्ट्रीमर असल में बांग्लादेश की लोकेशन दिखाकर उसे भारत बता रहे।

बांग्लादेश की गलियों में चल रहा है चीनी स्ट्रीमर का खेल

कई महीनों से चीनी नागरिक बांग्लादेश की राजधानी ढाका के उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और उससे सटे टेकपारा जैसे गरीब और कम इनकम वाले इलाकों में घूमकर लगातार लाइव-स्ट्रीमिंग कर रहे हैं। बांग्लादेश की जानी-मानी न्यूज एजेंसी प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के अनुसार स्थानीय निवासियों का यह अनुमान है कि 150 से अधिक चीनी नागरिक ढाका के ऐसे ही इलाकों में घूम-घूमकर वहां की वीडियो रिकॉर्ड करते हैं और अपनी ऑडियंस को बताते हैं कि यह सब भारत की राजधानी नई दिल्ली का नजारा है। ये लोग सुबह से लेकर शाम तक गलियों में कैमरे लेकर वीडियो शूट करने में लगे रहते हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

अनुवाद से खुला चीनी षड्यंत्र का कच्चा चिट्ठा

यह फर्जीवाड़ा तब उजागर हुआ, जब चीनी भाषा को अच्छी तरह समझने वाले 4 बांग्लादेशी नागरिकों ने इन लाइव-स्ट्रीमिंग के वीडियो का हिंदी और स्थानीय भाषा में अनुवाद किया। अनुवाद करने के बाद जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। स्ट्रीमरों को सुनने वाले उन स्थानीय लोगों ने बताया कि उत्तरा में शूटिंग के दौरान कई चीनी स्ट्रीमर बार-बार उस गंदी और पिछड़ी जगह को नई दिल्ली कहकर संबोधित कर रहे थे। उदाहरण के लिए 1 नवंबर को की गई एक लाइव-स्ट्रीम के दौरान मियानमियान नाम की एक चीनी महिला स्ट्रीमर ने साफ तौर पर कहा, यह नई दिल्ली है। इसके अलावा एक अन्य स्ट्रीमर जिसका नाम वांग वेई है, उसने टेकपारा इलाके के छोटे-छोटे स्टॉल्स और दुकानों पर बिकने वाली चाय को लेकर काफी अपमानजनक और भद्दी बातें कहीं। कुछ अन्य स्ट्रीमरों ने तो हद ही पार कर दी। उन्होंने वहां के स्थानीय बांग्लादेशियों को गरीब बताया और कहा कि वे बेहद खराब, गंदे और अस्वच्छ माहौल में अपनी जिंदगी गुजार रहे।

चीन की तारीफ और प्रोपेगैंडा का हथकंडा

अपनी इन लाइव-स्ट्रीमिंग के दौरान ये चीनी इनफ्लूएंसरों अपने देश (चीन) की जमकर तारीफ करते हुए यह दावा भी करते नजर आते हैं कि इन इलाकों में लगे हुए ज्यादातर एयर कंडीशनर (AC) उनके अपने देश यानी चीन में ही बनाए गए हैं। रिपोर्ट में इन सभी बातों को लेकर बड़े दावे किए गए हैं, लेकिन इस बात की अभी तक कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह सब किसी सोची-समझी साजिश (Planning) के तहत किया जा रहा है या फिर ये इनफ्लूएंसर्स अपने मनमाने तरीके से ऐसा कर रहे हैं। जब फांगयू नाम के एक चीनी स्ट्रीमर से इस बारे में अखबार के प्रतिनिधियों ने बातचीत की तो उसने अजीब-सा जवाब देते हुए कहा कि वे विभिन्न उत्पादों और प्रोडक्ट्स के प्रचार के लिए वीचैट पर लाइव-स्ट्रीमिंग करते हैं। वैसे, इसके बाद उसने आगे के किसी भी तीखे सवाल का कोई जवाब नहीं दिया।

पुलिस की नजर और सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

प्रोथोम आलो की रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस संदिग्ध चीनी समूह की हरकतों और गतिविधियों पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए हैं। जैसे ही पूरा मामला सोशल मीडिया पर यूजर @TheLizardKing_X द्वारा वीडियो के रूप में शेयर किया गया, इंटरनेट पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई। लोग चीनी हरकतों पर जमकर भड़ास निकाल रहे। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि चीनी प्रोपेगैंडा और एजेंडा बिल्कुल इसी तरह काम करता है। वे हमेशा दुनिया को यही सब झूठा और भ्रामक दिखाते हैं। दूसरे यूजर ने कहा कि झूठ फैलाने और ड्रामेबाजी करने से कुछ नहीं बदलेगा। उन चीनी इनफ्लूएंसरों को असल में भारत देखना है तो उन्हें खुद भारत आकर अपनी आंखों से देखना चाहिए।