उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के दौरान हरिद्वार के चंडी घाट पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, अधिकारी और संत-महात्मा उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। इस दौरान घाट पर भीड़ का दबाव बढ़ने लगा और व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगीं। ऐसे समय में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद लोगों को व्यवस्थित करते नजर आए। धामी ने सुरक्षा प्रोटोकॉल और वीवीआईपी व्यवस्था से अलग हटकर मौके पर मौजूद लोगों को एक तरफ खड़े होने के लिए कहा। कहीं उन्होंने भीड़ को पीछे हटाया तो कहीं लोगों को आने-जाने के लिए रास्ता देने की अपील की। मुख्यमंत्री को खुद भीड़ प्रबंधन करते देख वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। उनका यह अंदाज घाट पर चर्चा का विषय बन गया।

भीड़ बढ़ने पर खुद संभाली व्यवस्था

योगी आदित्यनाथ की मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग चंडी घाट पहुंचे थे। घाट पर पहले से पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात थीं। वीवीआईपी मेहमानों की मौजूदगी के कारण सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसी बीच जब भीड़ का दबाव बढ़ा और लोगों के खड़े होने से व्यवस्था प्रभावित होने लगी, तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद आगे आए। उन्होंने लोगों को व्यवस्थित तरीके से खड़े होने और रास्ता खाली रखने के लिए समझाया। धामी को इस तरह मौके पर व्यवस्था संभालते देखकर वहां मौजूद लोग भी चकित रह गए।

योगी आदित्यनाथ मां को अंतिम विदाई देते हुए हुए भावुक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक घर में अंतिम सांस ली थी। शनिवार सुबह पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडी घाट लाया गया। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। पंचूर गांव में उन्होंने मां की अर्थी को कंधा भी दिया था। हरिद्वार में चंडी घाट पर उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उनके छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी।

कई राज्यों के नेता और संत पहुंचे हरिद्वार

अंतिम संस्कार में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। धार्मिक जगत से योग गुरु बाबा रामदेव, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद सरस्वती और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी समेत कई संत-महात्मा शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।