Mumbai Couple Viral Video News : मुंबई के कुर्ला इलाके में एक लड़के और लड़की के साथ गलत व्यवहार और मारपीट की घटना सामने आई है। कपल फीनिक्स मॉल के पास स्थित महानगरपालिका के पार्क में बैठकर फोटो खींच रहे थे। इस दौरान 8 से 10 नाबालिग लड़के वहां पहुंचे और कपल के साथ अभद्रता करने लगा। जब लड़के और लड़की ने इस हरकत का विरोध किया तो उन लड़कों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस वारदात का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है।
कपल पर गंदे कमेंट किए
पार्क में फोटो खींच रहे इस कपल को देखकर लड़कों के समूह ने उन पर गंदी और अश्लील बातें कहनी शुरू कर दीं। कपल ने जब इन भद्दी टिप्पणियों का विरोध किया तो नाबालिग लड़कों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने मारपीट पर उतारू होकर हमला कर दिया। वहां के लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और बाद में यह फुटेज इंटरनेट पर सामने आ गया।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा?
वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक लड़का और लड़की बगीचे में फोटो क्लिक कर रहे हैं। तभी वहां मौजूद 7 से 8 लड़के उन्हें निशाना बनाकर अश्लील कमेंट करने लगते हैं। कपल जब इसका विरोध करता है तो लड़के उनके साथ छेड़छाड़ करने लगते हैं और मारपीट शुरू कर देते हैं। वीडियो में दिखता है कि एक नाबालिग लड़का चप्पल जैसी किसी चीज से युवक पर हमला करता है। एक अन्य लड़का लड़की के सिर पर डंडे से मारता है। मारपीट के बाद दोनों पक्षों के बीच काफी कहासुनी और बहस भी होती है।
पुलिस संरक्षण में लिए गए 8 नाबालिग
मामले में पीड़ितों की शिकायत के बाद घाटकोपर पुलिस ने फौरन एक्शन लिया और आठ नाबालिगों को पुलिस संरक्षण में ले लिया। पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड यानी जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार के जमुई में भी हुई थी ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले 19 सितंबर 2026 को बिहार के जमुई जिले से भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। जमुई में एक ही कोचिंग सेंटर में पढ़ने वाले नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ युवकों के समूह ने रास्ते में घेर लिया था और उनके साथ मारपीट की थी। उन युवकों ने छेड़खानी का वीडियो भी बनाया था और उसे वायरल कर दिया था। इसके बाद एक-दो और जिले से ठीक ऐसी घटना सामने आई थी। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया था।
5 बच्चों के मां-बाप को भेजा गया नोटिस
इस तरह की घटनाओं को लेकर सितंबर और अक्टूबर के महीने में बिहार और उत्तर प्रदेश से भी ठीक इसी तरह के मामले सामने आए थे, जहां सार्वजनिक जगहों या रास्ते में युवाओं एवं कपल्स के साथ अभद्रता और मारपीट की घटनाएं हुई थीं। वहीं, मुंबई की इस घटना को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने जानकारी दी है कि इस मामले में 5 बच्चों के माता-पिता को नोटिस भेजा गया है।