Seoni ASP Viral Video : मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से खाकी को दागदार करने वाला बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के रिसेप्शन का सीसीटीवी और हिडन कैमरे का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा। इस 1 मिनट 15 सेकंड के वीडियो में सिवनी के एडिशनल एसपी (ASP) दीपक मिश्रा, एसडीओपी (SDOP) चंचलेश मरकाम और कोतवाली टीआई सतीश तिवारी होटल में रुके प्रेमी जोड़े को धमकाते नजर आ रहे। फुटेज में साफ सुनाई दे रहा कि अधिकारी पहले जोड़े पर अपने घर वालों को कॉल कर बुलाने का दबाव बनाते हैं। जब युवक-युवती इसके लिए राजी नहीं होते तो एएसपी कथित तौर पर होटल कर्मचारियों से यह कहते हुए सुने जाते हैं कि गांजा लाकर लड़के के बैग में रख दो।
होटल मालिक के स्टिंग से खुला वसूली का खेल
इस विवाद की जड़ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जा रही अवैध वसूली बताई जा रही। होटल सिद्धार्थ के मालिक संजय सनोडिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि साउंड रिकॉर्डिंग वाले हिडन कैमरे की मदद से उन्होंने यह स्टिंग किया था। सनोडिया का दावा है कि पुलिस अधिकारी दो महीनों से होटल चलाने के बदले उनसे हर महीने 50 हजार रुपए मांग रहे थे। संचालक के मुताबिक उन्होंने अक्टूबर में टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए भी थे। कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय तिवारी अलग-अलग 25-25 हजार रुपए की मासिक मांग कर रहे थे, जिसमें से वे तीनों को 10-10 हजार रुपए दे चुके हैं। सनोडिया का आरोप है कि जब वे पूरी रकम नहीं दे पाए तो पुलिस ने 7, 8 और 9 अक्टूबर को उनके होटल में तलाशी अभियान चलाया और ग्राहकों एवं स्टाफ को डराया-धमकाया। इससे पहले भी एक वीडियो सामने आया था, जिसमें टीआई सतीश तिवारी होटल मैनेजर को होटल बंद करवाने की धमकी देते दिखे थे। संजय सनोडिया ने बताया कि पैसे देने के लिए वे अपने दोस्त योगेश गढ़वाल बिट्टू के साथ गए थे।
सीएम मोहन यादव का एक्शन, 6 पुलिसकर्मी निलंबित
13 नवंबर की इस घटना के वीडियो वायरल होते पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शुरुआती स्तर पर सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। वहीं, एएसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच डीआईजी राकेश सिंह को सौंपी गई थी, जिस पर आईजी प्रमोद वर्मा ने अंतरिम और फाइनल रिपोर्ट तलब की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाना ने शासन को निलंबन का प्रस्ताव भेजा। इसके बाद आज यानी 18 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और टीआई समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी में किसी तरह का कदाचार और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने वाले हर अधिकारी और कर्मचारी से मर्यादा व जिम्मेदारी से काम करने की उम्मीद की जाती है। सीएम ने कदाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि होटल संचालक के आरोपों और वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई सामने आ सके।