Owaisi And Chandrashekhar Azad Lucknow Rally : संविधान दिवस (26 नवंबर) पर आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद की बड़ी रैली हुई। उत्तर प्रदेश में गठबंधन बनने के बाद पहली बार दोनों नेता बड़े मंच पर साथ नजर आए। इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है। मैदान के बाहर लगी होर्डिंग्स में लिखा है-दलित का बेटा CM बनेगा, अब्दुल का बेटा डिप्टी सीएम।
असदुद्दीन ओवैसी के संबोधन की बड़ी बातें
ओवैसी ने कहा कि संविधान को बचाकर रखना जरूरी है और संघ परिवार के लोग संविधान के दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने के लिए जान और माल की कुर्बानी भी देनी पड़े तो आगे बढ़कर कबूल करनी पड़ेगी। उनके मुताबिक संविधान कमजोर या बर्बाद हुआ तो यह जिंदगी और मौत का मसला बन जाएगा। AIMIM प्रमुख ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर लिखकर गए थे कि देश इंसाफ और भाईचारे से चलेगा। उन्होंने यूपी की जनता से अपील की कि संविधान में दी गई लिबर्टी, आजादी, भाईचारे और इंसाफ को पाने के लिए खुद को मजबूत करें और अपना वोट सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के पक्ष में डालें।
चंद्रशेखर को बताया मोर्चा का चेहरा
ओवैसी ने कहा कि भाई चंद्रशेखर आजाद सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का चेहरा हैं और मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी कामयाबी उम्मीद, इंसाफ और नए दौर की आवाज बनेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन बाबासाहेब के संविधान को अपनाया गया था, यह कोई हादसा नहीं था। बाबा साहेब ने देश को हिंदू राष्ट्र बनने से रोका और संविधान की शुरुआत किसी खुदा, देवी या देवता के बजाय वी द पीपल ऑफ इंडिया से की। रैली में जुटी भीड़ को लेकर ओवैसी ने कहा कि यह मोदी और योगी के लिए संदेश है कि उनके दिन अब खत्म होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह भीड़ समाजवादी पार्टी के नेता को भी पैगाम देती है कि अब जनता उनकी धोखेबाजी का शिकार नहीं होगी।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाएं
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि दबे-कुचले लोगों के पास न खाने को खाना है और न पहनने को कपड़ा, लेकिन बाबा साहेब का संविधान उनके साथ है। उन्होंने कहा कि दलित और मुसलमान न कभी लड़े थे और न लड़ेंगे। उनके अनुसार उनके लीडर ने संसद में कहा था कि जब SC समाज का बेटा पीएम बनेगा तो पिछड़ों को न्याय मिलेगा और अब मिलकर दलित भाई चंद्रशेखर को सीएम बनाना है, ताकि गरीब, दलित, शोषित और वंचित का बेटा मुख्यमंत्री बन सके।
आजम खान पर समर्थकों की टिप्पणी
एक मुस्लिम समर्थक ने सपा नेता आजम खान को लेकर कहा कि जेल की रोटी खाकर उनका दिमाग खराब हो गया है, इसलिए उन्हें हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं आ रही और वे लोगों को भड़का रहे हैं। ओवैसी के एक समर्थक ने कहा कि आजम खान को जेल की सूखी रोटी पसंद आ गई है, जिसे खा-खाकर उनके दिमाग का संतुलन बिगड़ गया है और इसी वजह से उन्हें हैदराबादी बिरयानी रास नहीं आ रही। रैली में पहुंचे अब्दुल्ला ने कहा कि पूर्वजों ने कुर्बानी दी, लेकिन बदले में 70 साल में दंगे मिले। घरों पर बुलडोजर चले और बच्चों को जेल में बंद किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दौर में कई नौजवानों की जवानी बर्बाद हुई।