UP Election 2027 OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर सियासी बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। इस बीच योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने चुनाव को लेकर बड़ा सियासी दांव चला है। राजभर ने संकेत दिए हैं कि वह 2027 का चुनाव अपनी पारंपरिक सीट गाजीपुर की जहूराबाद के साथ-साथ अंबेडकरनगर की अकबरपुर सीट से भी लड़ सकते हैं। उनके इस बयान ने पूर्वांचल से अवध क्षेत्र तक की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। जहूराबाद वह सीट है, जिसने ओम प्रकाश राजभर को बड़ी सियासी पहचान दी और जहां से वह लगातार दो बार विधायक चुने गए। दूसरी ओर वह अकबरपुर से मैदान में उतरते हैं तो उनका सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मौजूदा विधायक राम अचल राजभर से हो सकता है।

दो सीटों से चुनाव लड़ने के पीछे क्या है राजभर का मकसद?

बुधवार को अपनी चुनावी रणनीति में बदलाव के संकेत देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने जहूराबाद और अकबरपुर सीटों से चुनाव लड़ने की बात कही है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इस फैसले के पीछे दो मुख्य कारण नजर आते हैं। पहला अपनी पुरानी सीट जहूराबाद पर सियासी पकड़ को कमजोर नहीं होने देना। दूसरा अकबरपुर के रास्ते अंबेडकरनगर और अवध के आसपास के इलाकों में सुभासपा के जनाधार का विस्तार करना। राजभर लगातार दावा कर रहे कि पूर्वांचल की कई विधानसभा सीटों पर उनकी पार्टी का मजबूत प्रभाव है और 2027 में एनडीए को जीत दिलाने में उनकी अहम भूमिका होगी। वैसे, सियासी गलियारों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि बदले हुए राजनीतिक हालातों में जहूराबाद की राह राजभर के लिए पहले जैसी आसान नहीं रही है, इसलिए उन्होंने राजभर बाहुल्य अकबरपुर सीट को एक सुरक्षित विकल्प के तौर पर चुना है।

जहूराबाद में क्यों मुश्किल में दिख रहे हैं ओम प्रकाश राजभर?

गाजीपुर जिले की जहूराबाद विधानसभा सीट पर ओम प्रकाश राजभर का दबदबा रहा है। साल 2017 में उन्होंने बीजेपी के साथ मिलकर यहां जीत हासिल की थी, जबकि 2022 में सपा गठबंधन के साथ चुनाव लड़कर दूसरी बार विधानसभा पहुंचे थे। 

2022 के चुनावी आंकड़े

पिछले विधानसभा चुनाव में राजभर को 1,14,860 वोट मिले थे, जबकि दूसरे नंबर पर रहे बीजेपी के कालीचरण को 69228 वोट प्राप्त हुए थे। राजभर ने 45 हजार वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। मगर, कुछ साल में यहां का सियासी गणित पूरी तरह बदल चुका है। 2022 में वह सपा के साथ थे, लेकिन अब वह बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए का हिस्सा हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने राजभर की चिंता बढ़ा दी है। जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र बलिया लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जहां से 2024 के आम चुनाव में सपा उम्मीदवार सनातन पांडेय को बढ़त मिली थी। वैसे, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं, लेकिन इस रुझान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसके अलावा जहूराबाद इलाके में अंसारी परिवार का गहरा प्रभाव माना जाता है। पहले राजभर को अंसारी परिवार का समर्थन हासिल था, लेकिन अब दोनों के बीच पहले जैसे संबंध नहीं रहे हैं। चर्चा है कि 2027 में अंसारी परिवार का कोई सदस्य जहूराबाद से चुनाव लड़ सकता है। इसी संभावित चुनौती को देखते हुए राजभर अपने लिए एक सुरक्षित सीट तलाश रहे हैं।

अकबरपुर में राम अचल राजभर से होगा कड़ा मुकाबला?

अंबेडकरनगर की अकबरपुर विधानसभा सीट पर ओम प्रकाश राजभर के लिए चुनौती बिल्कुल अलग होगी। यहां समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता राम अचल राजभर की गहरी पैठ है। राम अचल राजभर बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और इस क्षेत्र से कई बार विधायक बने हैं। 2022 के चुनाव में उन्होंने सपा के टिकट पर जीत हासिल की थी। 

अकबरपुर 2022 चुनाव का गणित

इस चुनाव में राम अचल राजभर को 81931 वोट मिले थे। बीजेपी प्रत्याशी धर्मराज निषाद 69595 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। जबकि बसपा के चंद्र प्रकाश वर्मा को 53398 वोट मिले थे। राम अचल राजभर ने 12336 वोटों के अंतर से यह सीट जीती थी। अकबरपुर में दोनों प्रमुख दावेदार एक ही समाज (राजभर) से आते हैं, लेकिन यहां जीत-हार का फैसला केवल जाति के आधार पर नहीं होगा। स्थानीय संगठन, जमीनी पकड़, गठबंधन की ताकत और जनता के बीच उम्मीदवार की स्वीकार्यता चुनाव परिणाम तय करेगी।

राजभर बनाम राजभर की जंग में किसका पलड़ा भारी?

अकबरपुर में ओम प्रकाश राजभर और राम अचल राजभर आमने-सामने आते हैं तो यह यूपी की सबसे चर्चित सीटों में से एक होगी। एक तरफ राम अचल राजभर हैं, जिनके पास दशकों का स्थानीय अनुभव और सपा का मजबूत कैडर है। दूसरी तरफ ओम प्रकाश राजभर हैं, जो कैबिनेट मंत्री होने के साथ एनडीए के सहयोगी दलों के वोट बैंक और सरकारी तंत्र के प्रभाव के साथ मैदान में उतरेंगे। चूंकि 2027 के चुनाव में अभी समय है और उम्मीदवारों की अंतिम सूची तय नहीं हुई है, इसलिए अभी से किसी एक का पलड़ा भारी बताना जल्दबाजी होगी।

अवध में सुभासपा के विस्तार का मास्टरप्लान

अकबरपुर को चुनने के पीछे सुभासपा की विस्तारवादी नीति भी साफ झलकती है। अब तक सुभासपा की ताकत मुख्य रूप से गाजीपुर, मऊ और बलिया जैसे पूर्वांचल के जिलों तक सीमित रही है। अब पार्टी इस दायरे को बढ़ाकर अंबेडकरनगर और अवध के अन्य जिलों में अपनी जड़ें जमाना चाहती है। अकबरपुर में राजभर मतदाताओं की अच्छी संख्या है, जिसका लाभ उठाकर ओम प्रकाश राजभर आसपास की सीटों पर भी अपनी पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं।

क्या जहूराबाद से बेटे को चुनाव लड़ाएंगे राजभर?

ओम प्रकाश राजभर के इस फैसले के बाद उनके परिवार की सियासत को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि अगर राजभर खुद अकबरपुर से चुनाव लड़ते हैं तो जहूराबाद की सीट से अपने किसी बेटे को चुनावी मैदान में उतार सकते हैं। राजभर खुद इस बात के संकेत दे चुके हैं कि उनके परिवार से एक बेटा विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा। हालांकि, किस बेटे को कहां से टिकट मिलेगा, इस पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। परिवार के सदस्य को उतारने से पार्टी अपनी पारंपरिक सीट बचाने की कोशिश करेगी, लेकिन इस पर विरोधियों के हमले और स्थानीय कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया भी देखने लायक होगी।

एनडीए में सहयोगियों के बीच सीटों को लेकर खींचतान

विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों-सुभासपा और निषाद पार्टी के बीच सीटों को लेकर टकराव की स्थिति भी बनने लगी है। पूर्वांचल की कई ऐसी सीटें हैं, जिन पर दोनों दल अपना दावा ठोक रहे। अतरौलिया (आजमगढ़) सीट से ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे। निषाद पार्टी भी इस सीट पर अपना हक जता रही है। चौरीचौरा (गोरखपुर) और शाहगंज (जौनपुर) विधानसभा सीटों को लेकर भी सुभासपा और निषाद पार्टी के बीच अंदरूनी खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं। आने वाले समय में बीजेपी नेतृत्व इन सहयोगी दलों की महत्वाकांक्षाओं को कैसे संतुलित करता है, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।