देश की राजधानी दिल्ली में छठ पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस मौके पर 15 और 16 नवंबर को राजधानी के अलग-अलग घाटों और जलाशयों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शाहदरा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर पाबंदियां और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करने की सलाह दी है। पुलिस के मुताबिक, इन इंतजामों का उद्देश्य छठ घाटों के आसपास जाम की स्थिति से बचना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है।

छठ पूजा पर इन रास्तों से जाने से बचें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तीन प्रमुख मार्गों पर यातायात से बचने की सलाह दी है। छठ पूजा के दौरान इन रास्तों पर भीड़ और ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है।

  • पुस्ता रोड: शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और खजूरी चौक से शास्त्री पार्क के बीच।
  • नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक।
  • शांति वन से श्मशान घाट (निगमबोध घाट) तक का मार्ग।

इन रास्तों पर जाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों और मौके पर लगाए गए डायवर्जन संकेतों का पालन करना होगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताए वैकल्पिक रास्ते

प्रभावित इलाकों में जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग भी सुझाए हैं।

  • उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार जाने वाले लोग खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड, सभापुर गांव और सोनिया विहार चौहान पट्टी के रास्ते जा सकते हैं।
  • स्थानीय लोग रोड नंबर 66 का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • एसडीएम कार्यालय के पास से डायवर्जन लेकर यू-टर्न के जरिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर जाने का विकल्प भी दिया गया है। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।

छठ पूजा के लिए इन जगहों पर होगी पार्किंग

छठ घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहनों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। निर्धारित पार्किंग स्थलों की सूची इस प्रकार है:

  • डीएनडी के पास यमुना खादर।
  • डीडीए का खुला मैदान।
  • आईपी एक्सटेंशन के वेस्ट विनोद नगर का खुला मैदान।
  • खजूरी खास मेट्रो स्टेशन के पास।
  • सोनिया विहार के निवासियों के लिए दूसरे, 3.5 और 4.5 पुस्ता के पास यमुना की खाली जमीन।
  • नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग।
  • यमुना खादर और नदी किनारे की खाली जमीन।
  • ओल्ड आयरन ब्रिज के पास गौशाला के नजदीक खुला मैदान।
  • नंद नगरी के बी-1 और बी-2 ब्लॉक स्थित छठ पार्क।
  • मंडोली टीला स्थित छठ घाट।
  • पुस्ता रोड पर एनएचएआई पार्किंग।
  • साईं भवन के पास एमसीडी पार्किंग।

ट्रैफिक पुलिस की वाहन चालकों को सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन पार्क न करें। इससे यातायात बाधित होने के साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी हो सकती है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपने रास्ते की जानकारी लें, ट्रैफिक पुलिस के संकेतों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ सहयोग करें। भीड़भाड़ से बचने के लिए संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इन व्यवस्थाओं का पालन करना जरूरी है, ताकि पूजा-अर्चना के साथ राजधानी में यातायात भी सुचारू बना रहे।