दिल्ली में दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण का स्तर आधिकारिक आंकड़ों में जितना दर्ज किया गया, वास्तविक स्थिति उससे कहीं ज्यादा गंभीर हो सकती थी। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के ताजा विश्लेषण में सामने आया है कि मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 के कई घंटे के आंकड़े गायब होने के कारण राजधानी का औसत प्रदूषण करीब 49 प्रतिशत कम दर्ज हुआ। विश्लेषण के मुताबिक, अगर इन गायब रीडिंग की जगह 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का मान रखा जाता, तो दिल्ली का औसत PM2.5 स्तर 269 से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो जाता। यह मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि दिवाली की रात कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने बताया था कि उसके मॉनिटरिंग सिस्टम अधिकतम 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक ही पार्टिकुलेट मैटर मापने के लिए सेट थे। इससे ज्यादा प्रदूषण होने पर आंकड़े दर्ज नहीं हो पाए और AQI की गणना में भी उन्हें शामिल नहीं किया गया।

1,416 में से 255 रीडिंग नहीं मिलीं

CREA ने दिल्ली के 59 सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों से 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे तक के प्रति घंटे के PM2.5 आंकड़ों का विश्लेषण किया। इस 24 घंटे की अवधि में कुल 1,416 रीडिंग उपलब्ध होनी चाहिए थीं, लेकिन इनमें से 255 आंकड़े गायब मिले। यानी करीब 18 प्रतिशत डेटा रिकॉर्ड नहीं हो पाया। विश्लेषण में इन सभी गायब रीडिंग की जगह 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का मान रखकर स्थिति का आकलन किया गया। इस आधार पर औसत PM2.5 का स्तर 269 से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। यह करीब 49 प्रतिशत की वृद्धि है। हालांकि, CREA ने स्पष्ट किया कि इस विश्लेषण से यह साबित नहीं होता कि सभी 255 गायब रीडिंग के समय प्रदूषण 1,000 माइक्रोग्राम से अधिक ही था। यह CPCB की बताई गई अधिकतम मापन सीमा के आधार पर किया गया एक सेंसिटिविटी विश्लेषण है।

AQI 344 से गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच सकता था

CREA के मुताबिक, अगर इन संभावित आंकड़ों को शामिल किया जाता तो 9 नवंबर को दिल्ली का AQI 344 से बढ़कर गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच सकता था। आधिकारिक तौर पर 344 का AQI बेहद खराब श्रेणी में आता है। भारत में PM2.5 का दैनिक राष्ट्रीय मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की सुरक्षित दिशानिर्देश सीमा 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। इस लिहाज से आधिकारिक औसत 269 भी निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक था।

कई इलाकों में 3,000 के पार पहुंचा PM2.5

दिवाली की रात दिल्ली के कई इलाकों में PM2.5 का स्तर 2,000 से 3,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के पार पहुंच गया था। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़ों के मुताबिक, कम से कम 11 स्थानों पर प्रति घंटे का PM2.5 स्तर 2,000 से अधिक दर्ज किया गया, जबकि चार जगहों पर यह 3,000 के पार चला गया। मुंडका में 2 बजे PM2.5 का स्तर 3,744 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में सुबह 4 बजे यह 3,023 और NSUT वेस्ट कैंपस में सुबह 5 बजे 3,008 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था। ये आंकड़े CPCB की AQI गणना में शामिल नहीं किए गए थे।

प्रदूषण चरम पर था, तभी गायब हुआ डेटा

CREA के विश्लेषण के अनुसार, 9 नवंबर को रात 1 बजे दिल्ली में PM2.5 का अधिकतम प्रति घंटा औसत 584 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज हुआ था। गायब रीडिंग की जगह 1,000 का मान रखने पर यह आंकड़ा रात 2 बजे 825 और रात 3 बजे 824 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषण के चरम समय पर मॉनिटरिंग स्टेशनों से डेटा गायब होना चिंता का विषय है। इससे लोगों के वास्तविक प्रदूषण जोखिम का सही आकलन करना मुश्किल हो जाता है। CREA ने आंकड़ों में पारदर्शिता और प्रदूषण के चरम स्तर को बेहतर तरीके से दर्ज करने की जरूरत पर जोर दिया है।

प्रदूषण मापने की व्यवस्था पर उठे सवाल

इस पूरे मामले ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। CPCB के मॉनिटरिंग उपकरणों की मापन सीमा 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होने के कारण इससे ऊपर की रीडिंग दर्ज नहीं हो सकीं। वहीं, DPCC के कुछ स्टेशनों ने 3,000 माइक्रोग्राम से अधिक का स्तर रिकॉर्ड किया। विशेषज्ञों के मुताबिक, AQI की मौजूदा श्रेणियां भी प्रदूषण के बेहद ऊंचे स्तरों के बीच अंतर को पर्याप्त रूप से नहीं दिखाती हैं। ऐसे में निगरानी उपकरणों की क्षमता बढ़ाने और डेटा में आने वाले अंतराल को दूर करने की जरूरत है, ताकि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।