दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के हाई सिक्योरिटी टर्मिनल-3 में बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के घुसने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने पकड़ लिया। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे टर्मिनल के डिपार्चर गेट पर हुई इस घटना के दौरान व्यक्ति ने सुरक्षा जांच से बचकर जबरन अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क जवानों और क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) की तत्परता से उसे कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया।

सुरक्षा कर्मियों को धक्का देकर अंदर घुसने लगा शख्स

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर पहुंचा। उसके पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। जब CISF के जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह सुरक्षा कर्मियों को धक्का देते हुए जबरन टर्मिनल के भीतर जाने लगा। इस दौरान वह कुछ मीटर तक अंदर पहुंच गया। तभी एक अन्य सशस्त्र CISF जवान मौके पर पहुंचा और अपने साथी की मदद से उसे पकड़ लिया। इसके बाद क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) ने भी कार्रवाई में सहयोग किया और कुछ ही सेकंड में व्यक्ति को काबू कर लिया।

हरियाणा का रहने वाला है पकड़ा गया व्यक्ति

अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। CISF ने उसे पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है। उसके बैग की तलाशी लेने पर कुछ पहचान पत्र और शैक्षणिक प्रमाणपत्र मिले हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह बिना जरूरी दस्तावेजों के एयरपोर्ट के सुरक्षित क्षेत्र में जबरन प्रवेश क्यों करना चाहता था। उसके इरादे को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

CISF ने जारी किया घटना का वीडियो

CISF ने इस घटना का करीब 25 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया है। वीडियो में व्यक्ति सुरक्षा कर्मियों को पार कर टर्मिनल में घुसने की कोशिश करता दिखाई देता है। इसके बाद जवान उसे रोकते हैं और QRT की मदद से पकड़ लेते हैं। CISF ने अपने बयान में जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। बल के मुताबिक, समय पर की गई कार्रवाई से अनधिकृत प्रवेश को रोका गया और संभावित सुरक्षा चूक टल गई।

एयरपोर्ट टर्मिनल में प्रवेश के लिए जरूरी हैं दस्तावेज

एयरपोर्ट के टर्मिनल में प्रवेश के लिए यात्रियों को वैध टिकट या यात्रा दस्तावेज के साथ पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होता है। सुरक्षा कर्मी दस्तावेजों की जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति देते हैं। एयरपोर्ट कर्मचारियों को भी प्रवेश के समय अपना पहचान पत्र दिखाना पड़ता है। दिल्ली का IGI एयरपोर्ट देश के अति संवेदनशील हवाई अड्डों में शामिल है। यहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के हजारों यात्री रोजाना आते-जाते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली CISF की त्वरित कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।