बाहरी दिल्ली के नांगली विहार इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दास गार्डन कॉलोनी के पास चार साल का एक बच्चा खुले मैनहोल से सीवर में गिर गया। घटना के बाद मौके पर बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। बच्चे की तलाश में NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और BSF की टीमें जुटी हुई हैं।
खेलते समय खुले मैनहोल में गिरा बच्चा
जानकारी के मुताबिक, बच्चा अपनी मां के साथ पार्क के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह खुले मैनहोल के रास्ते सीवर में जा गिरा। दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को सुबह करीब 9:45 बजे घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने उसकी पहचान इमरान के रूप में की है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पार्क में खेलने गया था और सीवर के पास पहुंचने पर खुले मैनहोल में गिर गया।
कई एजेंसियां चला रहीं संयुक्त बचाव अभियान
हादसे की जानकारी मिलते ही अलग-अलग विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA और BSF के जवान बच्चे को तलाशने में जुटे हैं। बचाव दल सीवर के अंदर खोजबीन कर रहे हैं। बच्चे का पता लगाने के लिए सक्शन पंप और स्कैनिंग उपकरणों की भी मदद ली जा रही है। उपमंडल मजिस्ट्रेट (SDM) रजत मल्होत्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था। उन्होंने कहा कि NDRF और प्रशासन की टीमें बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं।
खबर लिखे जाने तक तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।